झांसी। जनपद झांसी में विधानसभा सामान्य निर्वाचन–2027 को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने भोजला मंडी का भ्रमण किया, उन्होंने पोलिंग पार्टियों के पोलिंग बूथ पर प्रस्थान/वापसी मतगणना एवं स्ट्रॉंग रूम बनाए जाने के दृष्टिगत सम्पूर्ण मंडी का स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर उन्होंने स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया तथा ईवीएम को सुरक्षित रखने के लिए वहां विद्युत और पानी का संयोजन यदि हैं तो तत्काल संयोजन विच्छेद कर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा इसके साथ ही उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए वहां खिड़कियां और दरवाजे को पूरी तरह बंद करने पर भी चर्चा की। स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्ट्रांग रूम के पास अभिलेख रखने हेतु कक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी के लिए कक्ष अवश्य बना लिए जाए। उन्होंने स्ट्रांग रूम के सामने बैरिकेडिंग लगाकर उसे बंद करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के साथ ही पानी और शौचालय आदि की भी व्यवस्था अभी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम कवरेज हेतु सीसीटीवी कैमरे की जानकारी ली और कहा कि सभी सीसीटीवी कैमरे 24×7 संचालित रहे इसे अवश्य सुनिश्चित कर किया जाए। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी ने भोजला मंडी से पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों की वापसी हेतु बनाए गए रोड मैप का का मौके पर परीक्षण किया और वाहनों की व्यवस्था को देखा। उन्होंने कहा कि वाहनों के आने-जाने में किसी भी तरह की कोई समस्या ना हो इसे अवश्य सुनिश्चित किया जाए ताकि ईवीएम सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक जमा हो सके और कार्मिकों को भी कोई समस्या ना आने पावे। उन्होंने ईवीएम डिस्पैच के लिए बिंदुवार ड्यूटी लगाई जाने और जो स्टाफ है उसका आईडी कार्ड चेक करने के उपरांत ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दिए जाने की बात कही।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा