झांसी। दिनांक 22 नवम्बर 2026 को समय लगभग 17:15 बजे जनपद जालौन के उरई स्थित मोहल्ला शान्तिनगर में माताप्रसाद के घर पर गैस सिलेंडर के पाइप में आग लगने के उपरान्त सिलेंडर फटने से परिवार के दो सदस्यों सहित 23 अन्य पड़ोसी घायल हो गए। मण्डलायुक्त कृष्ण कुमार ने हादसे में घायल हुए सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा घायलों के उपचार में हर संभव सहयोग एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मण्डलायुक्त कृष्ण कुमार ने महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी के प्रधानाचार्य से वार्ता कर सभी प्रभावित घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराते हुए बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसी क्रम में मण्डलायुक्त ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर भर्ती कुल 19 मरीजों से मुलाकात की तथा प्रधानाचार्य एवं चिकित्सकों की उपस्थिति में उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान वैष्णवी (08 वर्ष), दयावती (32 वर्ष), सोमवती (44 वर्ष), दीपेश (08 वर्ष), बब्लू (55 वर्ष), कृष (07 वर्ष), अंशिका (10 वर्ष), उमंग (09 वर्ष) एवं पुष्पेन्द्र (27 वर्ष) की स्थिति गंभीर (क्रिटिकल) बताई गई। मण्डलायुक्त ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं चिकित्सकों को निर्देशित किया कि गंभीर मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा उनके बेहतर इलाज के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं, जिससे सभी मरीज शीघ्र स्वस्थ हो सकें। इस दौरान प्रधानाचार्य, मेडिकल कॉलेज सहित अन्य चिकित्सक व तीमारदार उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा