झांसी। चिरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत देर रात ओपारा ब्रिज के पास हार्वेस्टर और मैक्स पिकअप की टक्कर होने के बाद जिसे देखने के सड़क पर खड़े अन्य वाहनों में भीषण भिड़ंत हो गई। जिसमें दो लोगों की मृत्यु हो गई, अन्य घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा कर राजमार्ग सुचारू कराया। पुलिस मीडिया सेल से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक शुक्रवार तड़के 03:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-27 स्थित औपारा ओवरब्रिज, थाना चिरगाँव क्षेत्रान्तर्गत हार्वेस्टर संख्या MP16ZM2499 में पीछे से आ रही महिन्द्रा पिकअप संख्या UP32ZN9398 ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर खड़े हो गए जो कि चालू हालत में नहीं थे। ड्राइवर को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार किया गया। इसी दौरान उक्त दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाने का प्रयास किया जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे पिकअप मैक्स लोडर संख्या UP77AN6488 के चालक जितेन्द्र कुमार पुत्र रामनाथ कुशवाहा, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी बद्दा पुरवा, झीझक, थाना मंगलपुर, जनपद कानपुर देहात तथा पिकअप मैक्स लोडर संख्या UP32SN5805 के चालक मोहम्मद शाहिद पुत्र हारुन, उम्र करीब 29 वर्ष, निवासी चौकीदारपुरवा, रामगाँव, जनपद बहराइच अपने-अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को देखने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रही हंस ट्रेवल्स की बस संख्या AR11L9006 के चालक द्वारा सड़क किनारे खड़े पिकअप मैक्स लोडर एवं हार्वेस्टर में पीछे से टक्कर मार दी गई। इस दुर्घटना में जितेन्द्र कुमार एवं मोहम्मद शाहिद वाहनों के बीच दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना चिरगाँव पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य किया गया। दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई तथा शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम संबंधी आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया गया है, जिससे यातायात सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा