
झांसी। शनिवार को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अन्तर्गत हलवाई ट्रेड की टूलकिट का वितरण पं0 रवि शर्मा , विधायक सदर झाँसी के करकमलों द्वारा जिला उद्योग केन्द्र सभागार में किया गया।
कार्यक्रम शुभारम्भ विधायक द्वारा भगवान विश्वकर्मा जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी द्वारा अवगत कराया गया कि योजनान्तर्गत लाभार्थियों को सर्वप्रथम 10 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाता है तदुपरान्त परीक्षा के बाद आरपीएल सर्टिफिकेट प्रदान किया जाता है। प्रशिक्षण पूर्ण कर लेने के पश्चात् लाभार्थियों को हलवाई ट्रेड में 09 आईटम यथा- 22 लीटर का कुकर, मिक्सर ग्राइण्डर, बढ़ी कढ़ाई, उरसा, बेलन, चाकू, किसनी, चमचा, झरिया आदि जो कि शासन स्तर से प्राप्त होती हैं, का वितरण किया जाता है साथ ही प्रति लाभार्थी को प्रशिक्षण उपरान्त उनके बैंक खाते में रु. 4500.00 की धनराशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान किये जाते हैं।
विधायक रवि शर्मा द्वारा टूलकिट वितरण करते हुए लाभार्थियों को अपना स्वरोजगार प्रारम्भ करने हेतु प्रोत्साहित किया साथ ही बताया गया कि सरकार द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान अन्तर्गत रु. 5.00 लाख का बिना ब्याज तथा बिना गारण्टी के लोन दिया जा रहा है, जिससे अपना स्वरोजगार स्थापित कर अपना उत्थान कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अन्त में अतुल कुमार पाण्डेय, सहायक आयुक्त उद्योग द्वारा विधायक का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा उपस्थित समस्त लाभार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनायें प्रेषित कीं।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

