झांसी। रक्सा थाना पुलिस ने दलित के साथ मारपीट करने वाले चार नामजद सहित दर्जन भर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। रक्सा के ग्राम खैरा निवासी आनंद वंशकार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 2 अक्टूबर की रात करीब साढ़े दस बजे वह अपनी कार से गांव के निवासी प्रदीप मिश्रा के साथ पाली गांव जा रहा था। तभी रास्ते में आर एन एस पब्लिक स्कूल के पास ग्राम पहाड़ी निवासी अनिल यादव उर्फ नीलू यादव अपने साथ सीपरी बाजार के लहर गिर्द निवासी विजय यादव, अर्जुन यादव, सिकंदर यादव और दस पंद्रह अज्ञात काले रंग व सफेद रंग की तीन महिंद्रा थार गाड़ी से पहले से रास्ते में खड़े थे। जैसे आनंद वहां पहुंचा तभी सभी ने उसकी गाड़ी रोक ली और उसे गाड़ी से खींच कर जाती सूचक शब्दों से अपमानित करते हुए लाठी डंडा लात घुसो से मारपीट करने लगे। घटना में बीच बचाव करने आए प्रदीप मिश्रा पर भी हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और हमलावर हाथों में तमंचा, कट्टा लेकर लहराते हुए जान से मारने की धमकी देकर भागने लगे। किसी प्रकार घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक हमलावर अनिल यादव उर्फ नीलू को हिरासत में ले लिया था। जिसका पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया था। पुलिस ने तहतीर के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा