Home Uncategorized राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का भव्य समापन, मिनी...

राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का भव्य समापन, मिनी मैराथन में 42 विद्यार्थियों ने लिया भाग विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी तथा अधिकारियों को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

37
0

झांसी। राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के जादूगर महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के मेजर ध्यानचंद इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर आयोजित मिनी मैराथन में लगभग 42 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर खेल, फिटनेस, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

तीन दिवसीय आयोजन के अंतर्गत 28 एवं 29 अगस्त को बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महिला एवं पुरुष वर्ग के विभिन्न चरणों के मुकाबले हुए। 29 अगस्त को सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबलों के बाद पुरुष वर्ग में अथर्व चतुर्वेदी प्रथम, रामप्रकाश द्वितीय एवं प्रतीक तृतीय तथा महिला वर्ग में काव्या साहू प्रथम एवं समृद्धि राय द्वितीय रहीं। आज मिनी मैराथन के साथ दोनों प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर तीन दिवसीय आयोजन का समापन किया गया।

मिनी मैराथन में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

आज प्रातः 7:30 बजे मेजर ध्यानचंद इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन के खेल मैदान से मिनी मैराथन का शुभारंभ किया गया। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ इसमें भाग लिया। अवकाश एवं रक्षाबंधन जैसे पर्व के बावजूद विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने उनके खेलों के प्रति समर्पण को प्रदर्शित किया।

मिनी मैराथन के पुरुष वर्ग में बीपीएड प्रथम वर्ष के छात्र उपेंद्र सिंह ने प्रथम, बीएससी एग्रीकल्चर के छात्र दीपचंद्र यादव ने द्वितीय तथा बीएससी जियोग्राफी के छात्र कृष्णा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं महिला वर्ग में बीपीएड फाइनल ईयर की छात्रा अनुभवी गौतम ने प्रथम, बीपीएड प्रथम वर्ष की छात्रा जोया मंसूरी ने द्वितीय तथा बीपीएड फाइनल ईयर की छात्रा दिशा राजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

खेलों से विकसित होता है अनुशासन और आत्मविश्वास

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भू-विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एम.एम. सिंह जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन का आधार हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में फिटनेस के साथ लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता, आत्मविश्वास एवं संघर्ष की भावना विकसित करते हैं।

विशिष्ट अतिथि फार्मेसी विभाग के डॉ. प्रेम प्रकाश राजपूत जी ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। खेल स्वस्थ शरीर के साथ सकारात्मक सोच एवं बेहतर जीवनशैली के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विभागाध्यक्ष ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ को दी बधाई

विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव बबेले जी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद जी का जीवन, उनका अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने तीनों दिनों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि अवकाश एवं रक्षाबंधन के पर्व के बावजूद विद्यार्थियों का प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना उनके खेलों के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

उन्होंने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए मेजर ध्यानचंद इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

दोनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रदान की गई ट्रॉफी

मिनी मैराथन के समापन के पश्चात आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में बैडमिंटन एवं मिनी मैराथन दोनों प्रतियोगिताओं के सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं सहयोगियों को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. ज्ञान अरजरिया एवं डॉ. कृष्ण कुमार पांडेय रहे। उनके निर्देशन में मिनी मैराथन सहित तीन दिवसीय खेल आयोजन का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन किया गया।

डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. के.एल. सोनकर द्वारा किया गया।

प्रतियोगिता के परिणाम तैयार करने एवं निर्णायक मंडल में प्रमुख रूप से डॉ. विनोद कुमार बौद्ध, मिस प्रीति श्रीवास, आरती वर्मा एवं अनामिका गौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर डॉ. यू.एस. तोमर, डॉ. रूपम सक्सेना, डॉ. रोहित तिवारी, डॉ. यज्ञपाल सिंह, कुंडेश्वर बाबू जी, कुंदन राजपूत, अभय सिंह सेंगर, अजय कुमार सहित विभाग के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय आयोजन के सफल समापन पर विभाग की ओर से सभी विजेता, उपविजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी गई तथा विद्यार्थियों को भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here