खेत पर काम कर रहे दो भाइयों को लगा हाइटेंशन लाइन से लगा करंट, एक की मौत

झांसी। खेत पर काम कर रहे दो भाइयों को खेत के ऊपर से निकली बिजली विभाग की हाईटेंशन लाइन से करंट लग गया। करंट लगने से दोनों भाई गंभीर रूप से झुलस गए। चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग मौके पर दौड़े और दोनों भाइयों को उपचार के लिए अस्पताल ले गए जहां छोटे भाई की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम फैल गया। मामला रक्सा थाना क्षेत्र के राजापुर गांव का है।मिली जानकारी के अनुसार, राजापुर गांव के रहने वाले दीपक परिहार (26 वर्ष), पुत्र मुरारी अपने छोटे भाई आकाश परिहार (22 वर्ष) के साथ खेत पर गए थे। दोनों भाई खेत में तैयार खड़ी मूंगफली की फसल को उखाड़ने (सुविधा के लिए) विद्युत तार डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक हाथ से छूटी डोरी ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। तार टकराते ही दोनों भाई तेज करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन में दोनों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बड़े भाई दीपक परिहार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, छोटे भाई आकाश की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।इस मामले में जब रक्सा थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभी तक मेडिकल कॉलेज प्रशासन या परिजनों की तरफ से पुलिस को कोई लिखित या विधिक सूचना नहीं मिली है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *