
झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के फिल्टर चौराहे पर अवैध रूप से सड़क पर बिल्डिंग मेटरियल बेचने वाले दबंग और उसके साथियों ने गणेश विसर्जन को जा रहे एक परिवार पर लाठी डंडा ओर हॉकी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ ही उनकी ऑटो पर भी हॉकी से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दी। घटना में घायल परिवार लहू लुहान अवस्था में थाना पहुंचा और लिखित तहरीर दी।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को गणेश विसर्जन के लिए उन्नाव गेट निवासी किरण शर्मा अपने परिवार के साथ ऑटो से उन्नाव बालाजी जा रही थी। ऑटो किरण का दामाद दीपक शुक्ला चला रहा था और उसमे परिवार के लोग तथा बच्चे भी मौजूद थे। जैसे ही यह लोग अपनी गाड़ी लेकर फिल्टर चौराहे के पास रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचे तो वहां जाम लगा था। दीपक ने अपनी गाड़ी बिल्डिंग मेटरियल की दुकान के पास लगा दी। इससे गुस्साए अवैध बिल्डिंग मेटेरियल सप्लायर और उसके दर्जन भर साथी आए और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर वह लोग घर के अंदर से हॉकी लाठी डंडा लेकर आए और दीपक उसकी सास किरण पर जमकर हमला कर दिया। इतना ही नहीं इन गुंडों ने सारी हदें पार कर दी। गाड़ी में बैठे मासूम बच्चों के साथ भी मारपीट की। घटना को देख वहां भगदड़ मच गई। किसी प्रकार किरण और उसके परिजनों ने वहां से भाग कर जान बचाई। इस घटना में किरण उसका दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की लिखित तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा





