Home Uncategorized सुप्रीमस एसोसिएशन ने बीकेडी में आयोजित की दो दिवसीय विधिक जागरूकता एवं...

सुप्रीमस एसोसिएशन ने बीकेडी में आयोजित की दो दिवसीय विधिक जागरूकता एवं कैरियर कार्यशाला

32
0

झांसी। सुप्रीमस एसोसिएशन द्वारा बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज, झांसी में 19 एवं 20 अगस्त 2026 को दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विधि के विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ कानून के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी प्रदान करना था।

कार्यशाला के पहले दिन, 19 अगस्त, का विषय साइबर अपराध जागरूकता एवं डिजिटल सुरक्षा रहा। सत्र को सुप्रीमस एसोसिएशन के संस्थापक एवं बॉम्बे हाईकोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ता सार्थक राय ने संबोधित किया। विद्यार्थियों को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड एवं अन्य साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी गई तथा यह समझाया गया कि ऐसे अपराधों से स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए किन सावधानियों को अपनाया जाना चाहिए।

चूंकि कार्यशाला में बड़ी संख्या में विधि के विद्यार्थी शामिल थे, इसलिए साइबर सुरक्षा के साथ-साथ इसके कानूनी पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को साइबर अपराध से संबंधित प्रमुख कानूनी प्रावधानों, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, साइबर अपराध की जांच, पीड़ितों के लिए उपलब्ध कानूनी उपायों तथा साइबर अपराध के मामलों में बचाव की रणनीतियों के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।

कार्यशाला के दूसरे दिन, 20 अगस्त, का विषय कानून के क्षेत्र में करियर रहा। इस सत्र में विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें न्यायिक सेवा, वकालत, लॉ फर्म, कॉरपोरेट लॉ, सरकारी क्षेत्र, कानूनी सलाहकार, विधिक अकादमिक क्षेत्र तथा कानून के विभिन्न उभरते हुए विशेषज्ञता क्षेत्रों सहित अनेक संभावनाओं पर चर्चा की गई।

विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि केवल कानून की डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि एक सफल कानूनी करियर के लिए व्यावहारिक ज्ञान, शोध क्षमता, संचार कौशल, ड्राफ्टिंग, कोर्ट प्रैक्टिस और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करना भी आवश्यक है।

इस दो दिवसीय कार्यशाला मे संतोष राय प्रधानाचार्य, एल सी साहू एच ओ डी विधि विभाग बुंदेलखंड कॉलेज के साथ सुप्रीमस एसोसिएशन के सदस्यों देवराज यादव, अर्पित यादव, तुषार शर्मा, अधिवक्ता नमन गर्ग, अधिवक्ता अरबाज़ एवं अनुराग यादव की भी उपस्थिति एवं सहभागिता रही।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए अधिवक्ता सार्थक राय, संस्थापक, सुप्रीमस एसोसिएशन ने कहा कि आज के समय में विधि के विद्यार्थियों के लिए केवल किताबों तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को यह समझना आवश्यक है कि कानून का वास्तविक जीवन में किस प्रकार प्रयोग होता है और बदलते समय के साथ एक सफल कानूनी पेशेवर बनने के लिए किन व्यावहारिक कौशलों की आवश्यकता होती है।

सुप्रीमस एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक विधिक शिक्षा, कानूनी जागरूकता एवं करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। एसोसिएशन का उद्देश्य ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों, विद्यार्थियों, कानूनी पेशे और समाज के बीच मजबूत संवाद एवं संपर्क स्थापित करना है।

दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया तथा साइबर सुरक्षा, साइबर अपराध से संबंधित कानून, शिकायत एवं कानूनी प्रक्रिया तथा कानून के क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here