झांसी। पुलिस जिस गुमशुदा युवक को दो साल से तलाश कर रही और वह आज तक पुलिस फाइल में गुम है, उसका एस आई आर फॉर्म भर गया। इसकी जानकारी मिलने पर गुमशुदा युवक की पत्नी ने जिलाधिकारी को शिकायत की। जिसकी जांच के दौरान पता चला कि गुमशुदा युवक का एस आई आर फॉर्म उसके परिजनों ने भरा है। अगर परिजनों ने फॉर्म भरा है तो गुमशुदा युवक की उन्हें पूरी तरह जानकारी है, फिर पुलिस आज तक उस गुमशुदा युवक को क्यों नहीं खोज पा रही। यह बड़ा सवाल पुलिस की कार्यप्रणाली और एस आई आर फॉर्म दोनों पर लग रहा है। आखिर सही कौन है। यह कहना मुश्किल है लेकिन इस जांच रिपोर्ट ने लापता युवक की खोज कराने में जुटी उसकी पत्नी को असमंजस में डाल दिया है।
जानकारी के मुताबिक थाना सीपरी बाजार के चमनगंज निवासी महिला ने वर्ष 2024 माह जून में थाना सीपरी बाजार में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बताया था कि उसका पति जावेद घर से बाजार जाने की कहकर निकला था जो देर रात तक घर नहीं आया उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ जा रहा है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। कई दिनों तक जावेद का पता नहीं चलने पर उसकी पत्नी ने कई पुलिस अफसरों की चौखट पर न्याय के लिए फरियाद लगाई थी। इधर धीरे धीरे समय निकलता गया और पुलिस गुमशुदा व्यक्ति की पत्नी को सिर्फ उसकी तलाश करने का आश्वासन देती रही लेकिन आज तक पुलिस उसे बरामद नहीं कर पाई। इधर दो माह पूर्व एस आई आर फॉर्म भरने का नोटिस मिलने पर गुमशुदा युवक की पत्नी के होश उड़ गए कि उसका पति दो साल से लापता है तो उसका एस आई आर फॉर्म किसने भरा, इसकी महिला ने जिलाधिकारी से शिकायत की। जिलाधिकारी ने इस मामले में जांच के आदेश दिए। जांच अधिकारी ने रिपोर्ट लगाते हुए बताया कि लापता व्यक्ति का एस आई आर फॉर्म उसके परिजनों ने भरा है।
जबकि महिला अपने पति के अपहरण का आरोप अपने ससुराल के लोगों पर ही लगातार लगा रही थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। राजस्व विभाग से हुई जांच से यह पुष्ट होता है कि दो साल से पुलिस कागजों में लापता युवक अपने ही परिजनों के पास है, और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाले महिला को पुलिस सिर्फ उसकी तलाश जारी रहने का आश्वासन दे रही है।
तलाश जारी है : थाना प्रभारी
झांसी। दो वर्ष पूर्व थाना सीपरी बाजार में लिखी गई जावेद की गुमशुदगी प्रकरण में पुलिस द्वारा क्या कार्यवाही की गई। इस संबंध में सीपरी बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि गुमशुदी दर्ज है, लापता व्यक्ति की तलाश जारी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

