Home Uncategorized विश्विद्यालय में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन

विश्विद्यालय में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन

41
0

झाँसी। महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल के निर्देशानुसार तथा बुन्देलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में महिला अध्ययन केन्द्र द्वारा दीक्षोत्सव-2026 के अंतर्गत “नशा मुक्त भारत–स्वस्थ भारत एवं मनोसामाजिक विमर्श” विषय पर फॉरेंसिक साइंस ऑडिटोरियम में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक, सामाजिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना था।

संगोष्ठी में लगभग 120 छात्र-छात्राओं को मनोसामाजिक परामर्श प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, तालपुरा की चिकित्साधिकारी डॉ. मोनिका गुप्ता, मेडिकल कॉलेज झाँसी की आचार्य डॉ. सुधा चौबे तथा सिविल हॉस्पिटल झाँसी के आचार्य डॉ. प्रतीक गुबरेले उपस्थित रहे।

डॉ. मोनिका गुप्ता ने मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से तनाव, चिंता एवं अवसाद जैसी समस्याओं पर खुलकर संवाद करने का आह्वान किया। डॉ. सुधा चौबे ने प्रतिस्पर्धा के दौर में मानसिक स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करने का संदेश दिया। वहीं डॉ. प्रतीक गुबरेले ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए युवाओं से नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दीनदयाल शोध पीठ के निदेशक प्रो. मुन्ना तिवारी ने की। कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डॉ. नेहा मिश्रा ने डाला। स्वागत डॉ. रश्मि सैंगर ने किया, संचालन डॉ. शुभांगी निगम ने किया तथा महिला अध्ययन केन्द्र की समन्वयक डॉ. अचला पाण्डेय ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. शिल्पा मिश्रा, डॉ. सुमिरन, डॉ. श्वेता पाण्डेय, डॉ. दीप्ति सिंह, डॉ. राधिका, श्रीमती गुंजा चतुर्वेदी, डॉ. शिप्रा वशिष्ठ, डॉ. रितु सिंह, डा आकाश श्री भूपेन्द्र मिश्रा ,जीतेन्द्र सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त, स्वस्थ एवं मानसिक रूप से सशक्त भारत के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here