
झांसी। सात दिन पूर्व बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम खजराहा में कुआं में मिली किशोर की लाश के मामले में हत्या करने वाले आरोपी को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर घटना का खुलास कर दिया। हत्या का कारण पैसे के बंटवारे को लेकर बताया जा रहा है। हत्यारोपी मृतक का चचेरा भाई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम खजराहा निवासी कोमल सिंह ने बबीना थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि उसका पंद्रह वर्षीय पुत्र अंकित अहिरवार मजदूरी करने की कह कर घर से गया था इसके बाद घर वापस लौट कर नहीं आया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी दौरान पुलिस को लापता अंकित का शव गांव के पास बने जंगल में कुआं में पड़ा मिला था। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मौत का कारण सर में चोट लगना बताया गया था। इससे पुलिस की विवेचना तेज हो गई थी और घटना का अनावरण करने के लिए मृतक के परिजनों के इर्दगिर्द ही शक की सूई घूम रही थी। पुलिस ने मृतक अंकित के चचेरे भाई आशिक अहिरवार को हिरासत में लेकर गहराई से पूछताछ की तो आशिक ने बताया कि वह और मृतक अंकित साथ में ही मजदूरी करते थे। मजदूरी के पैसे के लेनदेन को लेकर घटना वाले दिन शाम को उनका आपसी विवाद हो गया था। जिस पर आशिक ने अंकित के सर में पत्थर मार दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना को छुपाने के लिए आशिक ने अंकित के शव को कुआं में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजते हुए घटना में प्रयुक्त पत्थर बरामद कर लिया है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

