Home Uncategorized जनपद में स्थानीय मांग के अनुरूप रोजगारोन्मुखी अधिक से अधिक कोर्स जोड़े...

जनपद में स्थानीय मांग के अनुरूप रोजगारोन्मुखी अधिक से अधिक कोर्स जोड़े जाएं : जिलाधिकारी

70
0

झांसी। विकास भवन सभागार में आज जिलाधिकारी/अध्यक्ष (जिला कौशल समिति) गौरांग राठी की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति के सदस्यों एवं प्रशिक्षण प्रदाताओं की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना, प्रोजेक्ट प्रवीण तथा जिला कौशल विकास योजना के सफल क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा करना था।

बैठक का संचालन करते हुए जिला समन्वयक एस. के. श्रीवास्तव ने जिले में संचालित विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की वर्तमान प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्रदाता राम जानकी सेवा संस्थान’ एवं ‘ज्ञान भारती गर्ग’ को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष समय पर प्रगति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने तथा प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के सही सेवायोजन (रोजगार) की नियमित ट्रैकिंग करने पर विशेष बल दिया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला कौशल विकास योजना में जनपद की स्थानीय मांग के अनुरूप रोजगारोन्मुखी कोर्स जोड़े जाएं। साथ ही, बुंदेलखंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (BDA) से आच्छादित ग्रामों से ही अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें प्रशिक्षित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनबाड,राजकीय महिला आईटीआई के प्रधानाचार्य रमेश चंद्रा, एम.आई.एस. मैनेजर आदर्श श्रीवास्तव, एम.आई.एस. मैनेजर नीरज कुमार यादव, डी.पी.एम. आदित्य कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं प्रशिक्षण प्रदाता उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here