Home Uncategorized आठ साल के शिवाय ने अंडर-11 कैरम में जीता रजत जिला ओलंपिक...

आठ साल के शिवाय ने अंडर-11 कैरम में जीता रजत जिला ओलंपिक स्कूल गेम्स में बड़े खिलाड़ियों के बीच दिखाया दम, स्टेडियम में मेडल पाकर खिला चेहरा

24
0

झांसी। उम्र महज आठ वर्ष तीन माह, लेकिन हौसला और खेल प्रतिभा बड़ों से कम नहीं। जय एकेडमी के कक्षा तीन के छात्र शिवाय शर्मा ने 17वें जिला ओलंपिक स्कूल गेम्स-2026 की अंडर-11 कैरम प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। अपनी उम्र से बड़े खिलाड़ियों के बीच खेलकर पदक जीतने वाले शिवाय की उपलब्धि ने विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया है।

 

मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित जिला ओलंपिक स्कूल गेम्स में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग खेलों में प्रतिभाग किया। ऋषभ सरावगी मेमोरियल फाउंडेशन (RSMF) की ओर से आयोजित प्रतियोगिता को उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन एवं क्रीड़ा भारती का सहयोग प्राप्त है। अंडर-11 कैरम वर्ग में शिवाय ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

 

सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में रहा शिवाय

 

शनिवार को स्टेडियम में अंडर-11 वर्ग के विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल प्रदान किए गए। इस दौरान शिवाय शर्मा को कैरम प्रतियोगिता में रजत पदक देकर सम्मानित किया गया। महज आठ वर्ष तीन माह की उम्र में अंडर-11 वर्ग में पदक हासिल करना उसकी उपलब्धि को खास बनाता है। मेडल मिलने पर शिवाय के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।

 

भाई के साथ कैरम खेलते-खेलते निखरा हुनर

 

शिवाय को क्रिकेट खेलना और देखना भी पसंद है, लेकिन घर में उसका पसंदीदा इंडोर गेम कैरम है। वह अपने भाई दर्श शर्मा के साथ नियमित रूप से कैरम खेलता है। खेल के दौरान विकसित हुई एकाग्रता, धैर्य और निशाना साधने की क्षमता ने प्रतियोगिता में उसका आत्मविश्वास बढ़ाया। इसी अभ्यास का परिणाम रहा कि बड़े खिलाड़ियों के बीच भी उसने बेहतरीन प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया।

 

क्रिकेट में भी बनाना चाहता है पहचान

 

शिवाय की खेलों में रुचि कैरम तक सीमित नहीं है। उसे क्रिकेट का भी खासा शौक है। वह भविष्य में क्रिकेट के मैदान पर भी अपनी पहचान बनाना चाहता है। कम उम्र में कैरम में मिली यह सफलता उसकी बहुमुखी खेल प्रतिभा की शुरुआत मानी जा रही है।

 

शिवाय की उपलब्धि पर जय एकेडमी के शिक्षकों, विद्यार्थियों और परिजनों ने खुशी जताते हुए उसे बधाई दी और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here