
झांसी। बिना सेफ्टी के बीस फीट ऊंचाई पर छत पर सोलर प्लांट लगा रहे दो मजदूर जमीन पर गिरने से गंभीर घायल हो गए थे। जिसमें आज एक मजदूर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक उन्नाव गेट बाहर एकता कॉलोनी निवासी शैलेंद्र खजूर बाग निवासी सुमित कुशवाह पंचतंत्र पार्क के समीप स्थित वेदर केयर पर काम करते है। सुमित ने बताया कि उनके मालिक प्रमोद साहू ने उन्हें फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी संजीव पचौरी के मकान की दूसरी मंजिल की छत पर सीमेंट की चद्दर पर सोलर प्लांट लगाने के लिए भेजा था। सुमित का आरोप है कि वहां कोई सेफ्टी नहीं थी तो उन्होंने सोलर प्लांट लगाने से मना कर दिया तो भवन स्वामी ओर दुकान मालिक ने उन्हें जबरन छत पर बिना सेफ्टी के चढ़वा कर प्लेट लगाने का कार्य करवाया। इस दौरान सुमित और शैलेंद्र ऊपर से असंतुलित होकर जमीन पर आ गिरे जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शैलेंद्र को अधिक चोट आने पर उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। आज शैलेंद्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। सुमित का आरोप है कि भवन स्वामी ओर दुकान मालिक ने उनसे जबरन लापरवाही बरतते हुए बना सेफ्टी के कार्य कराया जिसके चलते यह घटना हुई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायत नामा भरकर शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

