झांसी। उप श्रमायुक्त श्रीमती किरन मिश्रा ने जनसामान्य को अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा निर्माण श्रमिकों को रोजगार के अवसरों तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से “यूपी डिजिटल लेबर चौक” (UP Digital Labour Chowk) मोबाइल ऐप विकसित किया गया है। यह ऐप निर्माण श्रमिकों एवं नियोजकों के बीच एक प्रभावी डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा तथा रोजगार एवं सरकारी योजनाओं तक सरल, पारदर्शी और त्वरित पहुंच सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने बताया कि यह ऐप मोबाइल के प्ले स्टोर से “UP DIGITAL LABOUR CHOWK” नाम से डाउनलोड किया जा सकता है। इस पर निर्माण श्रमिक, सेवायोजक, बिल्डर, ठेकेदार, निर्माण एजेंसियां तथा अन्य प्रतिष्ठान अपना पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं जिन नियोजकों को निर्माण कार्यों के लिए श्रमिकों की आवश्यकता है, वे भी अपनी आवश्यकता के अनुरूप पंजीकरण कर श्रमिकों की खोज कर सकते हैं। ऐप डिजिटल लेबर मार्केट के रूप में कार्य करेगा, जहां श्रमिक अपनी उपलब्धता दर्ज करेंगे और नियोजक अपनी आवश्यकता के अनुसार पंजीकृत श्रमिकों से सीधे संपर्क स्थापित कर सकेंगे। इससे श्रमिकों को रोजगार प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा नियोजकों को प्रशिक्षित एवं पंजीकृत श्रमिक आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही, ऐप के माध्यम से उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।
उप श्रमायुक्त ने समस्त निर्माण श्रमिकों, सेवायोजकों, बिल्डरों, ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों, श्रमिक संगठनों एवं आमजन से अपील की है कि वे “यूपी डिजिटल लेबर चौक” मोबाइल ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा अपने आसपास कार्यरत निर्माण श्रमिकों एवं नियोजकों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि अधिकाधिक पात्र श्रमिक एवं सेवायोजक इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने सभी बिल्डरों, ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों, श्रमिक संगठनों एवं कार्यदायी संस्थाओं से यह भी अनुरोध किया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण “यूपी डिजिटल लेबर चौक” मोबाइल ऐप के माध्यम से अवश्य कराएं।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

