
झांसी। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में अपराध की रोकथाम ओर अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लहचूरा थाना पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर नेपाल सिंह हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। हत्या का कारण संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक चार दिन पूर्व मध्यप्रदेश के अलीपुरा में आग से जला शव बरामद हुआ था। जिसकी पहचान महोबा के दीदवारा निवासी चंदन सिंह के पुत्र नेपाल सिंह के रूप में हुई थी। इधर घर से लापता होने पर परिजनों ने लहचूरा थाना पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लहचूरा थाना पुलिस को मध्यप्रदेश के जिला टीकमगढ़ अलीपुरा में एक युवक के जले हुए शव को बरामद होने की सूचना मिली। पुलिस ने परिजनों के साथ जानकारी की तो शव नेपाल सिंह का निकला। परिजनों की तहरीर पर लहचूरा थाना पुलिस ने नेपाल के गुमशुदा होने के प्रकरण में अपहरण कर हत्या करने की धाराओं की बढ़ोत्तरी कर विवेचना शुरू कर दी। तमाम साक्ष्य मोबाइल सीडीआर, लोकेशन के आधार पर पुलिस ने लहचूरा के धमना पायक निवासी प्रीतम सिंह, तथा टोडी फतेहपुर के ग्राम मवई निवासी गोलू उर्फ राजा सिंह को हिरासत में लेकर गहराई से पूछताछ की। जिस पर आरोपी ने बताया कि नेपाल सिंह उसका भांजा है, ओर वह मेरी बहन के घर लहचूरा में ही रहता था। कही वह संपत्ति न हड़प कर ले इसलिए योजना बनाकर 29 जून को नेपाल सिंह को चार पहिया गाड़ी से उसे अपने साथ ले गए रस्ते में उसकी मारपीट कर हत्या कर दी थी। घटना को छिपाने के लिए अलीपुरा में उसकी लाश फेंककर आग से जला दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

