
झांसी। भीषण गर्मी एवं लू/हीट वेव के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने आज शहर के प्रमुख स्थान जेल चौराहा, रानी लक्ष्मीबाई पार्क, बस स्टैण्ड का स्थलीय निरीक्षण करते हुए नगर निगम द्वारा आम जनमानस को भीषण गर्मी से बचाव के उपायों का किया निरीक्षण।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस दौर में थोड़ी सी लापरवाही स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है, इसलिए सभी नागरिक सावधानी अपनाते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रमुख स्थानों का निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दुकानदारों, राहगीरों एवं आमजन से गर्मी से बचाव को लेकर बातचीत की। उन्होंने नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य चौराहों, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर लगे वाटर एटीएम को स्वयं चलाते हुए उसका पानी पिया और गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम सहित अन्य एनजीओ को निःशुल्क प्याऊ एवं छायादार स्थलों की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण करते हुए जिलाधिकारी ने बाजारों में काम करने वाले श्रमिकों एवं ठेला-पटरी व्यवसायियों के लिए दोपहर 12 से 03 बजे तक कार्य से बचने की सलाह दी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी सीएचसी/पीएचसी पर ओआरएस पैकेट,आवश्यक दवाएं एवं हीट स्ट्रोक वार्ड सक्रिय रखे जाएं ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उनका सदुपयोग किया जा सके। उन्होंने मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल सहित अन्य मुख्य स्थलों पर ओआरएस काउंटर भी लगाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि पेयजल आपूर्ति एवं अस्पतालों में निर्बाध बिजली दी जाए। साथ ही आमजन से अपील की कि जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें, हल्के सूती कपड़े पहनें, सिर ढककर रखें तथा अधिक से अधिक पानी, नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन करें।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पाण्डेय, अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, आपदा विशेषज्ञ धीरज कुमार
त्रिपाठी, आरएम रोडवेज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

