Home Uncategorized नगर निगम झांसी का अनूठा जागरूकता अभियान – ढोल की थाप पर...

नगर निगम झांसी का अनूठा जागरूकता अभियान – ढोल की थाप पर स्वच्छता का संदेश

113
0

 

 

झांसी। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की बढ़ती समस्या को रोकने के उद्देश्य से आज नगर निगम झांसी, एंटोनी वेस्ट हैंडलिंग सेल लिमिटेड एवं जे के टी नेचर केयर झांसी द्वारा एक अनूठा जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान की खास बात रही कि लोगों को जागरूक करने के लिए ढोल बजाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया, जिससे आमजन का ध्यान आकर्षित हुआ और संदेश प्रभावी रूप से लोगों तक पहुंचा।

अभियान के तहत तालपुरा, अंबेडकर चौराहा, बस स्टैंड, नेहरू पार्क, सार्वजनिक शौचालयों के आसपास एवं सब्जी मंडी जैसे प्रमुख स्थानों पर विशेष रूप से जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। इन स्थानों पर अक्सर देखने में आता है कि लोग बार-बार मना करने के बावजूद कचरा फेंक देते हैं, जिससे गंदगी फैलती है और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है।

इस अवसर पर मुख्य सफाई निरीक्षक स्नेहलता के नेतृत्व में टीम ने डोर-टू-डोर जाकर नागरिकों से संवाद किया और उन्हें कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालने के लिए प्रेरित किया। अभियान में एंटोनी वेस्ट हैंडलिंग कंपनी के प्रतिनिधि राहुल राजपूत एवं सतेंद्र कुमार तिवारी सहित अन्य टीम सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

ढोल की थाप के साथ दिए गए संदेशों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और कई स्थानों पर नागरिकों ने स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प भी लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के रचनात्मक अभियानों का उद्देश्य केवल चेतावनी देना नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करना है।

नगर निगम झांसी ने आमजन से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करें और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करें। जोनल इंचार्ज आलोक गुप्ता, राहुल सिंह, सत्य प्रकाश राजपूत, रोहित साहू सहित कई गणमान्य नगरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here