झांसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में कर-करेत्तर सहित प्रवर्तन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समापन में लगभग 10 दिन शेष हैं। सभी विभाग वार्षिक लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्लानिंग करते हुए वसूली में तेजी लाए ताकि जनपद को प्रदत्त वार्षिक लक्ष्य की शत प्रतिशत पूर्ति की जा सके।
बैठक में कर-करेत्तर एवं प्रवर्तन कार्य की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने विभागीय अधिकारियों को बताया कि वाणिज्य कर,स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, मालकर/वाहनकर/ यात्रीकर, राज्य उत्पाद शुल्क (आबकारी), अलौह खनन एवं धातुकर्म तथा वानिकी एवं वन्यजीव सहित सभी विभागों का कुल वार्षिक लक्ष्य ₹3533.86 करोड़ है जिसके सापेक्ष अब तक विभागों द्वारा ₹2257.43 करोड़ की वसूली की जा चुकी है। उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों को प्लानिंग करते हुए शेष धनराशि को शत प्रतिशत वसूल किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कर-करेत्तर की समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर विभाग, परिवहन विभाग द्वारा मासिक लक्ष्य के सापेक्ष वसूली कम होने पर नाराजगी व्यक्त की, उन्होंने वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को वसूली बढ़ाए जाने के निर्देश देते हुए इन्फोर्समेंट के कार्यों में सुधार लाए जाने के निर्देश दिए। वाणिज्य कर विभाग द्वारा फरवरी माह में ₹139.79 करोड़ के सापेक्ष मात्र 89.80 करोड़ की वसूली पर असंतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने वसूली लक्ष्यपूर्ति के लिए टारगेट फिक्स करते हुए सीमेंट यूनिट के संबंध में जानकारी ली। इसके अतिरिक्त उन्होंने क्षेत्र भ्रमण के दौरान जीएसटी चोरी के प्रकरणों को पकड़े जाने के साथ ही कर अपवंचन को रोकने के प्रयासों में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान राज्य उत्पाद शुल्क (आबकारी) विभाग की समीक्षा करते हुए विभाग द्वारा मासिक लक्ष्य 60.85 करोड़ के सापेक्ष 49.14 करोड़ वसूली पर असन्तोष व्यक्त किया, उन्होंने उपस्थित आबकारी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में शराब की दुकानों का सत्यापन करते हुए गंदगी पाए जाने पर पेनाल्टी लगाए जाने तथा गाँजा बेचने की शिकायतों पर सख्ती से कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षण संस्थानों के आस-पास नशीले पदार्थों की बिक्री कतई। न हो इसे भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में दुकानों के बाहर अथवा सार्वजनिक स्थलों पर खड़े होकर मदिरा पान करने वालों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मालकर, वाहन कर, यात्री कर की समीक्षा करते हुए माह के लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली करने पर नाराजगी व्यक्त की, उन्होंने शासन द्वारा प्रदत्त वार्षिक लक्ष्य की शत प्रतिशत पूर्ति के लिए विभाग के सोर्स की जानकारी ली और प्रवर्तन कार्यों को और प्रभावी बनाए जाने के निर्देश देते हुए कार्य करने की नसीहत दी। विभाग द्वारा माह के लक्ष्य ₹17.76 करोड़ के सापेक्ष ₹13.16 करोड़ वसूली पर असंतोष व्यक्त किया और वसूली को बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों में और तेजी लाए जाने और ओवर लोडिंग वाहनों पर चालान के द्वारा वसूली की कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि लक्ष्य को पूरा वसूला जा सके।
बैठक में अलौह खनन एवं धातुकर्म (खनिज विभाग) की वसूली समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बिना माइनटेक लगे खनन परिवहन में प्रयुक्त वाहनों पर ओवरलोड के तहत चालान करते हुए वसूली किए जाने के निर्देश दिए। जिला खनिज अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने अस्थायी चेक पोस्ट के माध्यम से इस वित्तीय वर्ष में अब तक कर अपवंचन के 1060 वाहनों को पकड़ा जिनसे 1513.50 लाख की धनराशि जमा कराई गई है। उन्होंने बताया कि जनपद में 83 आरसी जारी की गई है, जिससे विभाग को 55.88 करोड़ की धनराशि प्राप्त होगी। इसके अतिरिक्त अवैध खनन को प्रभावी ढंग से रोक लगाने हेतु घाट पर अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण करने की भी जानकारी दी।
कर-करेत्तर एवं प्रवर्तन कार्यो की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने उपस्थित समस्त निकायों के अधिशासी अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में गर्मी के दृष्टिगत क्षेत्र में किसी भी तरह से पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आप सभी को धनराशि आवंटित कर दी गई है, अतः जल्द से जल्द पानी की टंकी बनवाया जाना सुनिश्चित किया जाए ताकि क्षेत्र में लोगों को पेयजलापूर्ति की जा सके। उन्होंने ताकीद करते हुए कहा कि जनपद में किसी भी दशा में पानी के टैंकर संचालित नहीं किए जाएंगे।
इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी न्याय अरुण कुमार गौड़, अपर नगर मजिस्ट्रेट अजय कुमार यादव, जिला आबकारी अधिकारी मनीष गुप्ता, जिला खनिज अधिकारी शैलेंद्र सिंह, अधिशाषी अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय रविन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण सुभाष चंद्र सहित व्यापार कर,परिवहन विभाग, सिंचाई एंव अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा


