
झांसी। जालौन के नदी गांव निवासी सहायक अध्यापक राघवेंद्र की एक सप्ताह पूर्व मध्यप्रदेश के जिला दतिया के सेवढ़ा थाना क्षेत्र के जंगल में हत्या कर लाश फेंकने वाले हत्यारोपियों को जालौन थाना पुलिस ने आज गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सहायक अध्यापक की हत्या करने वाले सभी आरोपी झांसी के निवासी थे। इन्होंने सहायक अध्यापक को ब्लैकमेल करने के लिए उसकी एक महिला के साथ आपत्ति जनक फोटो वीडियो बना ली थी। पुलिस ने महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस, पिस्टल ओर हत्या में प्रयुक्त मफलर, चार पहिया गाड़ी भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक एसपी जालौन ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 14 फरवरी को जिला जालौन के नदी गांव थाना निवासी सहायक अध्यापक अपने घर से लापता था। 14 फरवरी 2026 को उसका शव मध्यप्रदेश के जिला दतिया पुलिस ने सेवढ़ा क्षेत्र में जंगलों से बरामद किया था। जिस पर राघवेंद्र की पत्नी रामवती ने अपने पति राघवेंद्र का अपहरण कर हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जालौन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी। इस हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एसपी जालौन द्वारा नदी गांव थाना पुलिस, स्वाट, सर्वेलेंस को लगाया था। पुलिस ने संदेह के आधार पर झांसी के पूछ थाना क्षेत्र के सराय निवासी कृष्णपाल उर्फ कुलदीप से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह जुआ खेलने का आदि था और उस पर काफी कर्ज हो गया था। कुछ रुपया उसने राघवेंद्र से भी उधार ले रखा था। राघवेंद्र अपने पैसे न मांगने लगे इसके लिए उसने अपने झांसी के साथियों के साथ योजना बनाई ओर राघवेंद्र को चार पहिया गाड़ी में डालकर झांसी ले आए। यहां उन्होंने थाना कटेरा के इटायल निवासी सोनिया उर्फ कुटकुट महिला के साथ राघवेंद्र की आपत्ति जनक फोटो वीडियो बना ली और उसे ब्लैकमेल करने लगे। जिस पर राघवेंद्र ओर कृष्णपाल का विवाद हो गया। इसी दौरान कृष्णपाल ओर उसके अन्य साथियों ने मोबाइल की डेटा केबिल से राघवेंद्र का गला दबा दिया साथ मफलर से भी उसका गला कसकर दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद घटना को छिपाने के लिए उन्होंने राघवेंद्र के शव को हुंडई गाड़ी में रखकर मध्यप्रदेश के जिला दतिया सेवढ़ा रोड पर झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने कृष्णपाल से पूछताछ के बाद हत्या में शामिल उसके झांसी निवासी साथी बड़ागांव के ग्राम मरोड़ा निवासी रिंकू, नवाबाद थाना क्षेत्र के तालपुरा निवासी निशु वर्मा, टहरौली के बंगरा बंगरी निवासी राजकुमार, थाना शहर कोतवाली के शीतला माता मंदिर के पद गुदरी मोहल्ला निवासी अभी उर्फ निगम वर्मा, महिला सोनिया उर्फ कुटकुट को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो पिस्टल, दो कारतूस, खोखा कारतूस सहित हुंडई कार, एक स्कूटी, हत्या में प्रयुक्त मोबाइल डेटा केबिल,मफलर बरामद कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

