झाँसी न्यूज़

छात्र संघ चुनाव को लेकर आत्महत्या की धमकी देने के आरोप में राहुल, नितिन दोष मुक्त

झांसी। छात्र संघ चुनाव को बहाली की मांग को लेकर 17 साल पहले हुए प्रदर्शन में आत्महत्या करने की धमकी देने के मामले में आरोपी बनाए गए कांग्रेस नेता राहुल गुप्ता और नितिन बाजपेई को 15 सितंबर को न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट सिविल जज जुडिशियल एफ टी सी झांसी अंजली सिंह की अदालत ने दोष मुक्त कर दिया है।कांग्रेस नेता राहुल गुप्ता और नितिन बाजपेई की और पैरवी कर रहे अधिवक्ता विवेक वाजपेई ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्र संघ के चुनावों पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रोक लगाए जाने के बाद यूथ कांग्रेस द्वारा चुनाव को बहाल कराने की मांग की जा रही थी। इसी क्रम में यूथ कांग्रेस के नेता गुदरी मोहल्ला राहुल गुप्ता, सीपी मिशन कंपाउंड जार पहाड़ निवासी नितिन वाजपेई 8 सितंबर 2007 को बीकेडी कॉलेज पर प्रदर्शन कर रहे थे। जिसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे नवाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक जीपी गौतम पुलिस बल के साथ पहुंचे और प्रदर्शन समाप्त कराया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने थाना नवाबाद में यूथ कांग्रेस के नेता राहुल गुप्ता और नितिन बाजपेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर राहुल गुप्ता, नितिन बाजपेई बीकेडी चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए पानी की टंकी पर चढ़ कर धमकी देने लगे कि अगर जल्द से जल्द छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं कराया तो वह लोग पानी की टंकी से नीचे कूद कर आत्महत्या कर लेंगे। प्रभारी निरीक्षक ने एफ आई आर में बताया कि दोनों की आत्महत्या करने की धमकी से वहां भय का माहौल व्याप्त हो गया। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धारा 309 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने विवेचना करते हुए दोनों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया। न्यायालय में चल रही सुनवाई के दौरान अभियोजन दोनों पर धारा 309 का आरोप सिद्ध करने में नाकाम रहा। इस पर आज न्यायालय ने 15 सितंबर को दोनों आरोपी नितिन वाजपेई, राहुल गुप्ता को साक्ष्य के आभाव में दोष मुक्त कर दिया है।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply