झांसी (गुरसराय)। न्याय की उम्मीद में पिछले 22 दिनों से पुलिस और प्रशासन की चौखट पर एड़ियां रगड़ रहे ग्राम बंकापहाड़ी के एक पीड़ित परिवार को आखिरकार आईजी झांसी के कड़े हस्तक्षेप के बाद बड़ी राहत मिली है। आईजी के आदेश पर गुरसराय पुलिस ने 6 दबंग आरोपियों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित ने अपनी शिकायत में जिस हल्का दरोगा पर घटना के सीसीटीवी फुटेज गायब करवाकर सबूत मिटाने का सीधा आरोप लगाया था, थाना पुलिस ने उसी आरोपी दरोगा को इस मामले का जांच अधिकारी बना दिया है।क्या है पूरा मामला?ग्राम बंकापहाड़ी निवासी बृजेन्द्र परिहार ने बताया कि 26 अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे जब वह खेत से घर लौट रहा था, तभी गांव के ही सतेन्द्र उर्फ कुंडे, देवांशू, मोंटी, सचिन, अभिराज व छोटे राजा ने शराब के लिए पैसे न देने पर उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने उसका अपहरण कर गांव की गढ़ी पर ले जाकर कट्टे की नोक पर बेरहमी से पीटा। इस हमले में बृजेन्द्र के बाएं कान का पर्दा फट गया और उसे सुनाई देना बंद हो गया। इतना ही नहीं, दबंगों ने इससे पहले भी घर में घुसकर पीड़ित की 24 वर्षीय बहन के साथ अभद्रता की थी और चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी थी, जिसका वीडियो भी परिवार के पास मौजूद है।पहले थाने से भगाया, अब जांच भी उसी दरोगा के हाथपीड़ित का आरोप है कि 1 नवंबर को जब वह शिकायत और मेडिकल कराने गुरसराय थाने पहुंचा, तो हल्का दरोगा सूर्यकांत त्रिपाठी ने कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों से सांठगांठ कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्डडिस्क और रिकॉर्डिंग ही गायब करवा दी। जिला स्तर पर सुनवाई न होने पर पीड़ित ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग (लखनऊ) और फिर आईजी झांसी से गुहार लगाई। आईजी के आदेश पर 17 नवंबर को मुकदमा दर्ज हो सका। पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस ने जानबूझकर एफआईआर में मारपीट से कान खराब होने, बहन से अभद्रता और सबूत मिटाने जैसे गंभीर अपराधों को हल्का कर दिया है और आरोपी दरोगा का नाम भी मुल्जिमों की सूची से बाहर रखा है।खुलेआम घूम रहे दबंग, पलायन को मजबूर परिवारमुकदमा दर्ज होने के बावजूद किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित बृजेन्द्र और उसकी बहन कु. भारती का कहना है कि दबंग गांव में बेखौफ घूम रहे हैं और घर के चक्कर लगाकर मुकदमे में समझौता (राजीनामा) करने का दबाव बना रहे हैं। ऐसा न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने और बहन पर तेजाब फेंकने की धमकी दी जा रही है। डर के मारे बहन गांव छोड़कर कस्बे में छिपकर रहने को मजबूर है। पीड़ित परिवार ने अब आईजी, एसएसपी और महिला आयोग को पत्र भेजकर मामले की जांच किसी बड़े अधिकारी (सीओ) से कराने, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा