परिषदीय शिक्षकों की लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

झाँसी। बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की जिला इकाई झाँसी द्वारा परिषदीय शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं न्यायोचित मांगों के निराकरण को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी झाँसी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में एसोसिएशन ने कहा कि जनपद के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक लंबे समय से विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों से जूझ रहे हैं। समस्याओं का समाधान न होने से शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। शिक्षक हितों एवं न्यायोचित मांगों को ध्यान में रखते हुए संगठन ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की है।ज्ञापन में प्रमुख रूप से पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा 1 अप्रैल 2005 से पूर्व चयनित शिक्षकों को भी इसका लाभ देने, 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से छूट प्रदान करने, टीईटी पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के पुनर्व्यापी प्रभाव को समाप्त करने के लिए आवश्यक कानूनी प्रावधान करने की मांग उठाई गई।इसके अतिरिक्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के रिक्त पदों पर पदोन्नति, गैर-टीईटी शिक्षकों की पदोन्नति सुनिश्चित करने, वर्ष 2020 में चयनित शिक्षकों की ब्रिज कोर्स परीक्षा में 50 प्रतिशत न्यूनतम अंक की बाध्यता समाप्त करने, विशेष श्रेणी के शिक्षकों की लंबित अंतरजनपदीय स्थानांतरण सूची जारी करने तथा 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान का लाभ देने की मांग की गई।संगठन ने बीएड एवं डीएलएड योग्यताधारक शिक्षकों के अधीनस्थों की नियुक्ति के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने, प्रत्येक विद्यालय में एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी (सफाईकर्मी/चौकीदार) नियुक्त करने तथा शीतकालीन अवकाश में अंतरजनपदीय, अंतर्जनपदीय एवं पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूर्ण कराने की भी मांग की।ज्ञापन में शिक्षकों को द्वितीय शनिवार का अवकाश एवं अर्जित अवकाश प्रदान करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रसकेंद्र गौतम ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक है। उन्होंने सरकार से सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर संबंधित उच्चाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया।ज्ञापन की प्रतिलिपि बेसिक शिक्षा मंत्री उत्तर प्रदेश एवं महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई। इस मौके पर महेश साहू,पवन देव त्रिपाठी, हिमांशु अवस्थी,प्रदीप झा,विपिन त्रिपाठी,रोहित निरंजन, अश्वनी नामदेव,राहुल स्वर्णकार,प्रदीप कुशवाहा,रंजीत यादव,श्रद्धा गुप्ता,अरुणा निरंजन,श्वेता,दिलीप वर्मा,मिथुन कुमार,नीरज चऊदा,सुनील गुप्ता आदि उपस्थित रहे

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *