झांसी। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झांसी श्रीमती कमलेश कच्छल के कुशल मार्गदर्शन एवं मुन्नालाल सिविल जज सीनियर डिवीजन / प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झांसी के निर्देशानुसार आज 17 नवंबर 2026 को ‘सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस’ के अवसर पर वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई राजकीय महिला महाविद्यालय, झांसी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तत्वावधान में एक दिवसीय स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया।शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में उपस्थित स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. दीक्षा शर्मा तथा डॉ. अंशिका श्रीवास्तव ने महाविद्यालय की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारणों, प्रारंभिक लक्षणों, नियमित जांच एवं समय पर एचपीवी टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सही जानकारी, व्यक्तिगत स्वच्छता और समय पर चिकित्सकीय परामर्श अपनाकर इस गंभीर बीमारी की समय रहते रोकथाम संभव है। वहीं अमोघ फाउंडेशन की ओर से उपस्थित दंत चिकित्सक डॉ. कीर्ति बुंदेला ने छात्राओं को समग्र स्वास्थ्य, मुख स्वास्थ्य, संतुलित पोषण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल, झांसी प्रतीक समाधिया जी ने छात्राओं को महिलाओं के संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण जीवन जीना प्रत्येक महिला का मौलिक अधिकार है। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े प्रमुख कानूनों, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के हेल्पलाइन नंबर 15100 की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डॉ. अनुभा श्रीवास्तव ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं के शारीरिक, मानसिक एवं विधिक सशक्तीकरण में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। शिविर के सफल आयोजन में प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवकों समीरा खान, नेहा , प्रीति शर्मा एवं शशि रायकवार की सक्रिय उपस्थिति व सहभागिता रही। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा