झाँसी। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा शहर के मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में अपनी नवीन ‘मेडिकल कॉलेज शाखा’ का भव्य शुभारंभ किया गया। विश्वविद्यालय मार्ग पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के सामने एवं झाँसी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल के निकट खुली इस शाखा का उद्घाटन मुख्य अतिथि क्षेत्र प्रमुख (कानपुर) जितेंद्र शर्मा और एमएलपी प्रमुख मनीष गुप्ता ने गरिमामयी उपस्थिति में किया।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि इस नई शाखा के प्रारंभ होने से झाँसी के चिकित्सा एवं शैक्षणिक क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के आम नागरिकों, व्यापारियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं सहजता से उपलब्ध हो सकेंगी। बैंक अधिकारियों ने बताया कि यह शाखा मुख्य रूप से चिकित्सकों, अस्पतालों, मेडिकल स्टोर्स, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल संस्थानों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय व्यापारियों की वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने पर केंद्रित रहेगी।शाखा के माध्यम से ग्राहकों को बचत एवं चालू खाते, सावधि जमा (FD), आवर्ती जमा (RD), गृह ऋण, वाहन ऋण, व्यक्तिगत ऋण, शिक्षा ऋण, व्यवसाय ऋण एवं एमएसएमई (MSME) ऋण सहित सभी प्रकार की वित्तीय व डिजिटल बैंकिंग सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उल्लेखनीय है कि 11 नवंबर 1919 को स्थापित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अपने 108 वर्षों की गौरवशाली विरासत के साथ देश की आर्थिक प्रगति में निरंतर योगदान दे रहा है।इस अवसर पर जितिन अग्रवाल, शिव सेन, शिवम गुप्ता, दीपक माहौर, अर्पित गुप्ता, रणजीत पथवार और राजू साहू सहित बैंक के अन्य अधिकारी व शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में शाखा प्रबंधक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
