झांसी। शादी कराकर एक लाख तीस हजार रुपए लेने वाले बिचौलिए शादी के चंद घंटों बाद ही दुल्हन को लेकर फरार हो गए। शादी के नाम पर हुई धोखाधड़ी की शिकायत के बाद थाना सीपरी बाजार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
गुजरात के जिला भैरवी गोकुल नगर निवासी राकेश निमावत ने थाना सीपरी बाजार पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि मध्यप्रदेश के जिला शिवपुरी दिनारा निवासी देवराज शर्मा से उसकी काफी दिन पहले मोबाइल के माध्यम से शादी कराने की बात हुई थी। जिस पर देवराज शर्मा और उसकी पत्नी श्रीमती शिखा ने उसे 17 अगस्त को दिनारा बुलाया और एक युवती को शादी के लिए उसके सामने पेश करते हुए कहा कि यह उसकी साली है। देवराज और उसकी पत्नी ने उक्त युवती से उसकी शादी कराई उसके एवज में शादी कराने के एक लाख तीस हजार रुपए भी ले लिए और झांसी रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए 18 अगस्त को देव राज उसकी पत्नी शिखा साथ आए। यहां चित्रा चौराहा पर किसी काम का बहाना बनाकर देवराज उसकी पत्नी उक्त युवती को लेकर भाग गए। इसके बाद उसे एहसास हुआ कि शादी के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

