झांसी। राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा का देश भर में चल रहे प्रदर्शन के तहत झांसी में भी भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय पर पहुंच कर हाथ में चूड़ी लेकर प्रदर्शन कर राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा भीड़ जुटाने में असफल रही साथ ही कांग्रेस कार्यालय भी पूरी तरह खाली पड़ा था। मंगलवार की दोपहर भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा में शामिल करीब एक दर्जन महिलाएं हाथों में तख्ती लेकर शहर कोतवाली से सिंधी तिराहा स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय पहुंची। जहां भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्त्रियों ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि दिल्ली में महिला पुलिस कर्मी के साथ जिस प्रकार से अभद्रता की गई वह महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है। उन्होंने कहा कि अगर चौबीस घंटे के अंदर राहुल गांधी के खिलाफ कार्यवाही नहीं हुई तो वह कांग्रेस कार्यालय के बाहर आमरण अनशन करेंगी।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
