Home Uncategorized दीक्षोत्सव के उपलक्ष्य में मेजर ध्यानचंद इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन द्वारा एथलेटिक्स...

दीक्षोत्सव के उपलक्ष्य में मेजर ध्यानचंद इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन द्वारा एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

35
0

झाँसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झाँसी में आयोजित किए जा रहे दीक्षोत्सव के उपलक्ष्य में मेजर ध्यानचंद इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन द्वारा विश्वविद्यालय स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के लगभग 160 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

 

प्रतियोगिता के प्रथम दिन 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ की विभिन्न स्पर्धाओं के हीट्स आयोजित किए गए। इन स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने अपनी गति, शक्ति, सहनशक्ति एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रत्येक हीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी सेमीफाइनल राउंड के लिए किया गया है। सेमीफाइनल मुकाबलों के पश्चात सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी फाइनल मुकाबले में अपना स्थान सुनिश्चित करेंगे।

 

प्रतियोगिता के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से आए छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।

 

मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

 

प्रथम दिवस की प्रतियोगिताओं के मुख्य अतिथि प्रो. डी. के. भट्ट रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। खेल केवल शारीरिक क्षमता को विकसित नहीं करते, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और टीम भावना का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे जीत-हार की चिंता किए बिना पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग करें तथा विश्वविद्यालय एवं राष्ट्र का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयास करें।

 

विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव बबेले ने कहा—खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम

 

मेजर ध्यानचंद इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव बबेले ने कहा कि विश्वविद्यालय में दीक्षोत्सव जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स को खेलों की आधारशिला माना जाता है और दौड़, कूद तथा थ्रो जैसी स्पर्धाएं खिलाड़ियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

 

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अकादमिक रूप से ही नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं नेतृत्व क्षमता के स्तर पर भी सशक्त बनाना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी खेल भावना और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

 

डॉ. उपेंद्र सिंह तोमर ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

 

डॉ. उपेंद्र सिंह तोमर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन 100 मी. एवं 200 मी दौड़ के सेमीफइनल और फाइनल दौड़ एवं चक्का फेंक एवं भाला फेंक की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सभी प्रतिभागी खिलाड़ी अपने निर्धारित समय पर प्रातः 09:00 बजे बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।

 

आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व खेल प्रांगण में पहुंचकर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा प्रतियोगिता के नियमों एवं अनुशासन का पालन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतिभाग करें।

निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका

प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मुख्य निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में डॉ. कन्हैया लाल सोनकर, डॉ. कृष्ण कुमार पांडेय, साक्षी करौसिया, अनामिका गौर, सत्येंद्र साहू, राजा बाबू एवं आरती ने निर्णायक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई।

शिक्षकों एवं कर्मचारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इनमें डॉ. स्वप्ना सक्सेना, डॉ. अमित श्रीवास्तव, डॉ. ज्ञान प्रकाश अरजरिया, डॉ. रूपम सक्सेना, डॉ. विनोद कुमार बौद्ध, डॉ. रोहित तिवारी, डॉ. यज्ञपाल सिंह, प्रीती श्रीवास, मो. अरशद अहमद, अभिमन्यु सिंह, कुण्डेश्वर बाबूजी एवं कुंदन सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल रहे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मेजर ध्यानचंद इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन की पूरी आयोजन समिति, निर्णायक मंडल, शिक्षकगण एवं सहयोगी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

दीक्षोत्सव के अवसर पर आयोजित यह एथलेटिक्स प्रतियोगिता न केवल विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को सामने लाने का माध्यम बनी, बल्कि विश्वविद्यालय परिसर में खेल, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का एक शानदार वातावरण भी निर्मित कर रही है।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here