
झांसी। बढ़ते साइबर अपराध पर झांसी पुलिस द्वारा की जा रही निरोधात्मक कार्यवाही के क्रम में थाना कटेरा क्षेत्र में देर रात भारी पुलिस फोर्स के साथ छापेमार कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही में झांसी पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों समेत सैकड़ों ग्रामीण पुरुष, महिलाओं को हिरासत में लेकर झांसी साइबर थाना में पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कटेरा थाना क्षेत्र के गांवों में साइबर अपराधी संरक्षण लेकर साइबर अपराध करते थे और इनके तार इंटर नैशनल गिरोह से जुड़े है। फिलहाल पूरा मामला क्या है इसका खुलासा एसएसपी देर रात प्रेस वार्ता के दौरान करेंगे।
जानकारी के मुताबिक एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में साइबर अपराध को रोकने और इस साइबर अपराध को करने वाले गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देर रात साइबर थाना पुलिस, जनपद के कई थानों का पुलिस फोर्स कटेरा थाना क्षेत्र के कई गांवों में दबिश दी। इस दौरान पुलिस टीम ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर पुरुष और महिलाओं समेत सैकड़ों लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम सभी को दो अलग अलग बसों में भरकर झांसी साइबर थाना ले आई। यहां टीम ने सभी से पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि इस कार्यवाही के दौरान तीन संदिग्ध हिरासत में लिए गए वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फोन और ऑन लाइन के माध्यम से लोगों से रुपए ठगने का कार्य करते थे। सूत्रों का कहना है कि यह साइबर अपराधी लोगों को वीडियो कॉलिंग कर पुलिस की वर्दी दिखाकर, फर्जी थाना दिखाकर, फर्जी तरीके से सायरन बजाकर उन्हें दहशत में डालकर रुपयों की ठगी करते थे। यह साइबर अपराधी इंटरनेशनल गिरोह से जुड़े है। फिलहाल अभी पुलिस इस मामले में कुछ भी बताने से इनकार कर रही है। वही पुलिस मीडिया सेल से जारी हुआ मेसेज से मीडिया को अवगत कराया गया कि घटना की पूरी जानकारी रात नौ बजे दी जाएगी अभी मामले की जांच चल रही है।
अभियान पूरी तरह था गोपनीय
झांसी। सूत्र बताते है कि साइबर अपराध करने वालों के खिलाफ देर रात भारी पुलिस बल की कार्यवाही को पूरी तरह से गोपनीय रखा गया था। देर रात पुलिस टीम कटेरा थाना पहुंची और वहां से पुलिस कर्मियों का सहयोग लेने से पहले उन्हें कोई जानकारी नहीं साथ ही उनके मोबाइल फोन भी लेकर स्विच ऑफ कर दिए गए थे। इसके बाद कटेरा थाना पुलिस के साथ टीम ने दबिश दी थी।
कटेरा की सीमा से सटे मध्यप्रदेश से पूर्व में पकड़ चुके ठग
झांसी। कटेरा थाना क्षेत्र में देर रात हुई पुलिस की साइबर अपराधियों की तलाश में ताबड़तोड़ कार्यवाही से पूरे गांव में सनसनी फैली हुई है। इसके पूर्व दो साल पहले गैर प्रांत की पुलिस ने कटेरा थाना की सीमा से सटे मध्यप्रदेश के इलाके में दबिश देकर चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी के साक्ष्य और विदेशी करंसी भी मिली थी। फिलहाल इस बार झांसी पुलिस की कार्यवाही में क्या निकल कर सामने आता है, यह देर रात ही जानकारी मिलेगी।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

