
झांसी। जनपद में स्वतंत्रता दिवस समारोह -2026 व “हर घर तिरंगा अभियान-2026, “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर लें, यह बात जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्टर नवीन सभागार में जनपद वासियों को अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील करते हुए कही।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने “हर घर तिरंगा अभियान” को जनपद भर में एक जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया और शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा विगत वर्षों में “हर घर तिरंगा अभियान” उत्साह उमंग और जनभागीदारी के साथ प्रायोजित किया गया था। इस बार भी वृहद् प्रचार-प्रसार व जन जागरुकता के माध्यम से लोगों को पुनः तिरंगा झण्डा फहराने हेतु प्रेरित करने के लिए पूरे जनपद में वातावरण निर्मित किया जाए।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को सरकारी तथा गैर-सरकारी इमारतों, सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थान सहित अन्य भावना पर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा झण्डा-अभिवादन के साथ ही राष्ट्रगान का भावपूर्ण गायन होगा। उन्होंने बताया कि इस बार वंदे मातरम् राष्ट्रगान का भी गायन किया जाएगा। 15 अगस्त 2026 को समस्त सरकारी/गैर सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान, वाणिज्यिक/औद्योगिक प्रतिष्ठान आदि खुले रहेंगे तथा इन स्थलों पर राष्ट्रध्वज सम्मानपूर्वक फहराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी स्थलों पर इस राष्ट्रीय पर्व को उत्साह, उल्लास एवं उमंग के साथ समारोह पूर्वक आयोजित किया जाए, जिसमें राष्ट्रगान के साथ ही वन्दे मातरम् का गायन व देशभक्ति से सम्बन्धित विभिन्न कार्यक्रम सम्मिलित हों।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों में होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीयता एवं देश प्रेम की भावना का संचार किया जाए। उन्होंने इस अवसर पर मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किए जाने के भी निर्देश दिए।इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखण्डता, पंथ-निरपेक्षता एवं साम्प्रदायिक सौहार्द की भावना को बलवती बनाने पर जोर दिया जाये तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित करने के साथ-साथ लोगों की परम्परागत एकता प्रदर्शित करने के लिए मानव-श्रंखला बनाने पर भी विचार किया जाए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि समस्त शिक्षण संस्थाओं में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाये, जिसमें राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन‘ का सामूहिक गायन भी सम्मिलित हो। विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास बताया जाये तथा देश के लिए शहीद हुए ज्ञात-अज्ञात विशेषकर स्थानीय देशभक्तों के जीवन के प्रेरक
-प्रसंग दोहराये जायें, जिससे उनमें राष्ट्रीय चेतना जागृत हो। इसके अतिरिक्त देशप्रेम की भावना जागृत करने वाले नाटक, विचार-गोष्ठी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रदर्शनी, निबन्ध-लेखन से सम्बन्धित प्रतियोगिताएं भी यथा-सम्भव आयोजित करायी जायें। शैक्षिक कार्यक्रमों के आयोजनों हेतु बेसिक शिक्षा विभाग और जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा पृथक से स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने 15 अगस्त के आयोजन की तैयारियों विषयक बैठक में जानकारी देते हुए कहा कि इस विशेष अवसर पर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के साथ ही विभिन्न सेनाओं से जुड़े सैनिकों को भी गांव-गांव जाकर सम्मानित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ पर जन-साधारण को यह भी याद दिलाया जाये कि हमारे अनगिनत देशभक्तों तथा अमर बलिदानियों ने जीवन भर संघर्ष करके, अपना सब कुछ न्यौछावर कर जो राजनीतिक स्वाीधनता हासिल की थी, उसकी रक्षा करते हुए आर्थिक व सामाजिक स्वाधीनता लाने का दायित्व विशेष तौर पर नई पीढ़ी पर है। इस राष्ट्रीय पावन पर्व पर उन महानुभावों का भी आदरपूर्वक स्मरण किया जाये, ताकि समाज में इन्सान और इन्सानियत का महत्व बढ़े। स्वतंत्रता सप्ताह की अवधि में गांव व नगर में स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम भी आयोजित किया जाए और पार्कों को सजाया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि पंडित दीनदयाल सभागार में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवी, उद्यमी, मेधावी छात्र-छात्राएं, स्टार्टअप सहित अन्य क्षेत्रों में बेहतरीन कार्य करने वालों का तथा कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्होंने 14 एवं 15 अगस्त, 2026 की रात्रि में सरकारी कार्यालय-भवनों तथा अन्य इमारतों एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्मारकों को रोशन किया जाए तथा तिरंगे कपड़े से सजाया जाए। आजादी का अमृत महोत्सव एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन हेतु व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि समस्त सरकारी/गैर सरकारी/निजी संगठनों के आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के स्थल पर पोस्टर/बैनर एवं स्टैण्डी के माध्यम से लोगों को जानकारी दें ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रमों में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम में अपने-अपने घरों पर फहराये तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया एवं संस्कृति विभाग, उ0प्र0 शासन के सेल्फी पोर्टल http://harghartirangaup.org की वेब साइट पर पोस्ट हेतु आम नागरिकों को प्रोत्साहित किया जाए।
15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रुपरेखा की जानकारी देते हुए नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा ने बताया कि प्रातः 06:30 बजे प्रभातफेरी का आयोजन होगा, 07:00 बजे क्रॉस कंट्री रेस, प्रातः 08:45 बजे रानी लक्ष्मीबाई दुर्ग पर ध्वजारोहण एवं वृक्षारोपण होगा।
इस अवसर पर सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं सम्मानीय नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

