
झांसी। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झांसी की थाना सीपरी बाजार पुलिस ने राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी तीन शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तमंचा कारतूस और सोने चांदी के जेवरात सहित नकदी बरामद कर ली है।
जानकारी के मुताबिक दो अगस्त को मदीहा गंज इलाका स्थित पोश कॉलोनी में एक सूने मकान में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। इस घटना को गंभीरता से लेकर एसएसपी ने थाना सीपरी बाजार पुलिस को खुलासा करने के निर्देश दिए थे। एसएसपी के निर्देश के बाद अपराधियों की धर पकड़ में लगी थाना सीपरी बाजार पुलिस को देर रात सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए काशीराम पार्क के पीछे स्थित क्रेशर के पास छिपे हुए है। इस सूचना पर पहुंची पुलिस को देख संदिग्धों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस टीम ने जवाबी कार्यवाही करते हुए फायरिंग करते हुए तीन संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए संदिग्धों ने दो अगस्त को सूने घर से चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने तीनों के कब्जे से घर से चोरी किया गया सोने चांदी के जेवरात सहित 12 हजार सात सौ नब्बे रुपये बरामद कर उनके कब्जे से दो देशी तमंचा, दो जिंदा, दो खोखा कारतूस बरामद कर लिए। पूछताछ में तीनों ने अपने नाम राजस्थान के भीलवाड़ा शाहपुर निवासी रामस्वरूप, कालू उर्फ भूरा, सत्य नारायण उर्फ सत्तू बताया। वही इनके भागे हुए दो अन्य साथियों के नाम अजमेर के भीनाई निवासी नारायण बागरिया, महेंद्र बागरिया बताए। पुलिस भागे हुए बदमाशों की तलाश कर रही है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

