
झांसी। सात दिन पूर्व इलाईट चौराहे के समीप प्रॉपर्टी डीलर संजय सिंह की द मेड किचिन में तमंचे से गोली मारकर हत्याकांड को अंजाम देने वाला मुख्य अभियुक्त 25 हजार का इनामिया हुसैन उर्फ खड्डा को आज नवाबाद थाना और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान मुख्य अभियुक्त हुसैन उर्फ खड्डा के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया वही उसका एक साथी मौके से भाग निकला। पुलिस भागे हुए आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू यादव की तलाश कर रही है।
आपको बता दे कि गुरसराय के हैवतपुरा निवासी संजय सिंह प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता था। इसी कारोबार में संजय सिंह की साथ धर्मेंद्र परिहार और अजय यादव मिलकर कार्य करते थे। संपत्ति को लेकर धर्मेंद्र और अजय यादव का संजय सिंह से विवाद चल रहा था। तभी धर्मेंद्र और अजय ने मिलकर संजय सिंह की हत्या की योजना बनाते हुए जितेंद्र यादव उर्फ जीतू, अजीम उर्फ शैफी, हुसैन उर्फ खड्डा को पचास हजार रूपये में संजय सिंह की हत्या की सुपारी दी थी।
23 जुलाई 2026 को संजय सिंह अपने साथियों के साथ रात करीब नौ बजे रेस्टोरेंट द मेड किचिन में खाना खा रहा था। तभी अज्ञात लोगों ने उसकी कनपटी पर पिस्टल अड़ा कर गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने चुनौतीपूर्ण स्वीकार कर तीन अलग अलग पुलिस टीम गठित की थी। जिसमे तीन आरोपियों को पुलिस टीम ने हत्याकांड के 72 घंटे के अंदर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। दो आरोपी हुसैन उर्फ खड्डा और जितेंद्र उर्फ जीतू फरार चल रहे थे। एसएसपी ने फरार आरोपी शूटर हुसैन पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
एसएसपी के निर्देशन में फरार आरोपी की तलाश में लगी नवाबाद और स्वाट टीम को आज तड़के सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध मुस्तरा स्टेशन रोड की तरफ जेडीए कॉलोनी के पास खड़े है। इस सुचना पर पहुंची पुलिस टीम को देख बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया और भागने लगे। पुलिस टीम ने जवाबी कार्यवाही में बंदूक से फायरिंग की। जिसमे एक गोली एक बदमाश के पैर में जा लगी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने संजय सिंह हत्याकांड में मुख्य शूटर की भूमिका निभाने का जुर्म स्वीकार करते हुए अपना नाम हुसैन उर्फ खड्डा निवासी सिद्धेश्वर नगर आईटीआई बताया। वही उसका दूसरा साथी जितेंद्र उर्फ जीतू मौके से भाग निकला। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी पर झांसी पुलिस की ओर से 25 हजार का इनाम घोषित था। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल कर घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवा कर उसके दूसरे साथी भागे साथी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के कब्जे से एक पिस्टल, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद कर लिए है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

