
झांसी। सरकारी विभाग में एक बड़े अधिकारी ने सिर्फ इस बात पर बाबू को जमकर फटकार लगाते हुए उसकी वेतन रोकने की धमकी दी क्योंकि उसने एक पीड़ित रिटायर्ड कर्मचारी को बिल पास क्यों नहीं हुआ इसकी सही जानकारी दे दी। इसके बाद तो अधिकारी ने बाबू को इतना अपमानित किया कि बाबू बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसे गंभीर हालत होने पर आईसीयू में भर्ती कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक आईटीआई के पास रहने वाले विजय कुमार संयुक्त विकास आयुक्त कार्यालय में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत है। विजय ने बताया कि उनके कार्यालय से ओम प्रकाश जेडीसी पद से रिटायर्ड हो चुके है। उनका एक बिल पास होना है, वह कई दिनों से चक्कर काट रहे है। आज ओम प्रकाश ने विजय वर्मा से पूछा आखिर उनका बिल पास क्यों नहीं हो रहा। इस पर विजय ने उन्हें बताया कि आपके बिल पर आपत्ति लगी है। इस बात की जानकारी कार्यालय के बड़े अधिकारी को हो गई। जिस पर उन्हें सभी कर्मचारियों के सामने विजय को जमकर फटकार लगाते हुए उसका वेतन रोकने ओर प्रतिकूल प्रविष्टि देने की धमकी दे डाली। जिससे विजय घबरा गया ओर वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। यह देख कार्यालय में हड़कंप मच गया। आनन फानन में विजय को उपचार के लिए जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। आपको बता दे कि बड़े अधिकारी के इस रवैया के चलते कई बाबू मेडिकल पर जा चुके है साथ ही बताया जाता है कि इनकी यही अभद्र व्यवहार के चलते इनका डिमोशन कर यहां भेजा गया है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

