
झांसी। चार दिन पूर्व राम राजा दवा बाजार में रात्रि के अंधेरे में सिक्योरिटी गार्ड को धारदार हथियार दिखाकर हाथ पैर बांध कर बंधक बनाकर करीब दो लाख की नकदी की लूट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा ओर लूट के एक लाख 49 हजार की नकदी बरामद कर ली। लूट की घटना करने वाला कोई ओर नहीं बल्कि दवा कारोबारी के यहां पूर्व में कार्य करने वाला उनका कर्मचारी ही निकला।
जानकारी के मुताबिक एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में अपराधियों की धर पकड़ में लगी स्वाट टीम, थाना नवाबाद, मंडी चौकी पुलिस को देर रात सूचना मिली कि दो संदिग्ध बदमाश बाइक से भगवंत पुरा रोड अंसल फॉर्म के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फ़िराक़ में खड़े है, अगर समय रहते इन्हें गिरफ्तार किया जाए तो बड़ी घटना का खुलासा हो सकता है। इस सूचना कर पुलिस की टीम जैसे ही वहां पहुंची तभी बाइक सवार दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में बंदूक से फायरिंग कर दी जिससे दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गए। पुलिस को पूछताछ में दोनों ने अपने नाम रक्सा थाना क्षेत्र के हाईटेक सिटी नहर किनारे निवासी छोटे लाल उर्फ पवन राजपूत, दूसरे ने अपना नाम मध्यप्रदेश के जिला शिवपुरी करेरा निवासी दिनेश बताया। दोनों ने पुलिस को बताया कि चार जुलाई को उन्होंने ही दवा कारोबारी विजय वर्गीय की राम राजा दवा बाजार में सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बनाकर दो लाख रूपये की लूटपाट की थी। पुलिस टीम ने उनके कब्जे से घटना के दौरान प्रयुक्त की गई बाइक, धारदार हथियार, तमंचा, कारतूस ओर लूट के एक लाख 49 हजार की नकदी बरामद कर ली। मुठभेड़ की सूचना पर देर रात मौके पर पहुंची एसपी सिटी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया साथ ही दोनों घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। आपको बता दे कि चार जुलाई को दो बदमाश दवा कारोबारी विजय वर्गीय के यहां दवा बाजार में महेश मेडिकल एजेंसी से दो लाख की नकदी की लूट की वारदात सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बनाकर गैस कटर से शटर काट कर की थी। एसएसपी ने इस घटना का खुलासा करने के लिए स्वाट, नवाबाद, मंडी चौकी ओर किला चौकी पुलिस को।लगाया था। आपको बता दे कि मुठभेड़ में घायल छोटे लाल उर्फ पवन पूर्व में विजय वर्गीय के यहां नौकरी करता था लेकिन उसकी हरकते ठीक नहीं होने पर उसे नौकरी से हटा दिया था। इसी बात को लेकर नौकर खुन्नस रखने लगा था और पूर्व में वह कई बार रेकी कर चुका था।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

