
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में झांसी रेल मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मंडल द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर रेल यात्रा का अनुभव प्राप्त हो। इसी दिशा में प्रमुख स्टेशनों के साथ-साथ छोटे एवं महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसरों में निगरानी व्यवस्था को लगातार आधुनिक एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। इसी क्रम में मई माह के दौरान झांसी मंडल के 16 स्टेशनों पर कुल 81 नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, प्रवेश एवं निकास क्षेत्र तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
मई माह में जिन स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, उनमें परौना, एट, उरई, आटा, लालपुर, भीमसेन सहित अन्य स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों पर सीसीटीवी व्यवस्था के विस्तार से यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ रेलवे संपत्ति की निगरानी भी और प्रभावी होगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करने में भी यह तकनीकी व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि झांसी रेल मंडल द्वारा सुरक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल एवं संबंधित विभागों द्वारा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसरों की निगरानी कर यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जा रहा है। मंडल यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी सुरक्षा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

