
झांसी। समाजवादी पार्टी झांसी जिला एवं महानगर इकाई द्वारा पार्टी कार्यालय, झांसी में पीडीए आरक्षण घोटाले के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री श्री आर.एस. कुशवाहा जी रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री आर.एस. कुशवाहा ने कहा कि भाजपा सरकार ने संविधान की मूल भावना एवं सामाजिक न्याय की अवधारणा को कमजोर करते हुए पिछड़ा, दलित एवं आधी आबादी (पीडीए) समाज के आरक्षण अधिकारों पर लगातार हमला किया है। विभिन्न भर्तियों में आरक्षण नियमों की अनदेखी कर हजारों आरक्षित पदों को पीडीए समाज के युवाओं से वंचित करने का कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि 69000 शिक्षक भर्ती सहित विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं में आरक्षण की खुली लूट हुई है। पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा भी आरक्षण के सही अनुपालन न होने की बात स्वीकार की जा चुकी है, लेकिन सरकार दोषियों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाकर भाजपा सरकार के आरक्षण विरोधी चेहरे को जनता के सामने उजागर करेगी।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह भोजला ने कहा कि आरक्षण कोई दया नहीं बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार है। भाजपा सरकार द्वारा पीडीए समाज के अधिकारों का हनन किया जा रहा है, जिसे समाजवादी पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रमसंचालन समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव राधे लाल बौद्ध द्वारा किया गया।
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भाजपा सरकार से पीडीए आरक्षण घोटाले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की तथा चेतावनी दी कि यदि पीडीए समाज के अधिकारों की अनदेखी जारी रही तो समाजवादी पार्टी व्यापक जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

