
झांसी। सीपरी बाजार थाना पुलिस ने एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में अपराध ओर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सूने मकान से चोरी किए गए नौ लाख कीमत के जेवरात, नकदी सहित तमंचा कारतूस बरामद कर लिए है।
जानकारी के मुताबिक प्रेमनगर के टोला बदलूराम व हाल सीपरी मिशन कंपाउंड निवासी श्रीमती पूजा चौकसे ने 28 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि अज्ञात चोर उसके कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात ओर नकदी चोरी कर ले गए है। इस घटना की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी। इधर मामले को गंभीरता से लेकर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने घटना का खुलासा करने के पुलिस को निर्देश दिए थे। एसएसपी के निर्देश पर चोरों की तलाश में जुटी थाना सीपरी बाजार पुलिस ने रेलवे के ओवर ब्रिज के पास से तीन संदिग्धों को देर रात दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से बैग बरामद किया। जिसमें सोने चांदी के जेवरात रखे थे। साथ ही पुलिस ने उनके कब्जे से 13 हजार रुपए नकद ओर एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस बरामद किए। पूछताछ में संदिग्धों ने अपने नाम कोतवाली क्षेत्र के अलीगोल खिड़की निवासी साबिर, अमन खान, दतिया गेट अंदर निवासी अकीब बताया। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वह लोग दिन में कपड़े आदि बिक्री की फेरी लगाते है, इसी दौरान वह सूने घरों की रेकी कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते है। चोरों ने बताया कि उनके कब्जे से बरामद सोने चांदी के जेवरात, नकदी 28मई को सीपी मिशन कंपाउंड में सूने मकान में हुई चोरी की घटना का ही है। उस घर में चोरी की वारदात को अंजाम उन्होंने ही दिया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

