Home Uncategorized जनपद में 91 लाख से अधिक पौधों का होगा रोपण, सभी विभाग...

जनपद में 91 लाख से अधिक पौधों का होगा रोपण, सभी विभाग कार्ययोजना के अनुसार तैयारियाँ जल्द पूर्ण करें : सीडीओ वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करें : सीडीओ

27
0

झांसी। आज विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में शासन स्तर से जनपद में 91 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने राजस्व विभाग, स्थानीय निकाय, आवास विकास, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, परिवहन एवं रक्षा विभाग को गड्ढा खुदान में शून्य प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग का अपने लक्ष्य के सापेक्ष गड्ढा खुदान की सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि शासन द्वारा आवंटित लक्ष्य में किसी भी प्रकार से कोई कटौती नहीं की जाएगी।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान को जन आंदोलन के रूप में मनाया जाए, उन्होंने सुझाव देते कहा कि स्कूलों में बच्चों को भी एक-एक पौधा लगाने के लिए दिया जाए और वह उसे अपने मित्रवत सुरक्षित रखें ताकि प्रकृति से सीधा जुड़ाव हो सके। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों को वृक्षारोपण करने हेतु जागरूक किया जाए,इसके अतिरिक्त उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं से भी संपर्क करते हुए वृक्षारोपण में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ताकीद करते हुए कहा कि उक्त कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने जनपद में समस्त विभागों को प्राप्त वृक्षारोपण लक्ष्य की पूर्ति शत प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए लक्ष्य के सापेक्ष तैयार की गई कार्ययोजना के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने गड्ढा ख़ुदा में शून्य प्रगति वाले विभागों सहित अन्य सभी विभागों को 15 जून 2026 तक प्रत्येक दशा में लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत गड्ढा खुदान कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेड़ों को सुरक्षित रखने के लिए गड्ढों में गोबर खाद एवं उर्वरक का प्रयोग अवश्य किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने वृक्षारोपण जन अभियान 2026 को सफल बनाने के लिए निर्देश देते हुए कहा कि वृक्षारोपण हेतु वनविभाग की पौधशालाओं से पौध ढुलान करते समय सावधानी बरती जाए। जिससे पौधों के लाने ले जाने में कोई क्षति न हो, उन्होंने पौध ढुलान हेतु आवश्यक संसाधन की पूर्ण व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। पौधों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने रोपित पौधों की सिंचाई एवं सुरक्षा की पूर्ण व्यवस्था के साथ ही पौधों की पर्याप्त निराई-गुड़ाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी नीरज कुमार आर्य ने बताया कि वन विभाग द्वारा 97.59 लाख से अधिक पौधों की उपलब्धता पौधशालाओं में कर ली गई है। जिसमें 83 विभिन्न प्रजातियों की नई पौध उगान हेतु पौधशाला में तैयार कर ली गई हैं। उन्होंने वन विभाग द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष सारी तैयारियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी नीरज कुमार आर्य, अपर नगर आयुक्त राहुल यादव, एसीएमओ डॉ0 अंशुमान तिवारी, डीसी मनरेगा शिखर कुमार श्रीवास्तव, डीएसओ, सुश्री

सौम्या अग्रवाल, सहित उद्यान विभाग, नगर विकास,विद्युत विभाग, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here