झांसी। संस्था प्रयास : सभी के लिए द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित सांगीतिक आयोजन ‘वॉयस ऑफ बुन्देलखण्ड – झांसी आइडल’ सीज़न 4 के भव्य शुभारम्भ से पूर्व आज रामनाथ गेड़ा सभागार में पत्रकारों की उपस्थिति में अंतिम तैयारियों के साथ बैठक का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष के. डी. गुप्ता ने की तथा नेतृत्व संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने किया।
पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति ने कल से प्रारम्भ होने जा रहे विशाल ऑडिशन राउंड की तैयारियों, प्रतिभागियों के उत्साह, मंचीय व्यवस्थाओं एवं चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की। संपूर्ण वातावरण सांगीतिक ऊर्जा, युवा उत्साह और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता से ओतप्रोत दिखाई दिया।
संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने अपने उद्बोधन में कहा
“संगीत केवल मनोरंजन नहीं, आत्मा की अभिव्यक्ति है। ‘वॉयस ऑफ बुन्देलखण्ड’ आज एक ऐसा मंच बन चुका है जहाँ प्रतिभाओं को पहचान और सपनों को दिशा मिलती है। हमें प्रसन्नता है कि यह आयोजन अब एक सांस्कृतिक आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है।”
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि बुन्देलखण्ड की सांगीतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना और युवाओं में कला के प्रति सम्मान जागृत करना है।
उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी होगी, जिसमें प्रतिभागियों की सुर, लय, अभिव्यक्ति, मौलिकता एवं मंचीय प्रस्तुति के आधार पर चयन किया जाएगा।
अध्यक्ष के. डी. गुप्ता ने कहा
“पिछले तीन सीज़नों में इस मंच ने अनेक युवा प्रतिभाओं को नई पहचान दी है। आज यह मंच कलाकारों के सपनों की पहली सीढ़ी बन चुका है। हमें विश्वास है कि इस बार का आयोजन झांसी की सांस्कृतिक चेतना को और नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।”
समन्वयक राकेश मेहरोत्रा ने कार्यक्रम की आगामी रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि—
ऑडिशन राउंड
23 मई 2026
प्रातः 10:00 बजे से
राजकीय संग्रहालय, झांसी
सेमीफाइनल राउंड
24 मई 2026
प्रातः 11:00 बजे से
राजकीय संग्रहालय, झांसी
ग्रैंड फिनाले
26 मई 2026
दीनदयाल सभागार, झांसी
सायं 5:00 बजे से
और बताया कि प्रतियोगिता में 15 से 30 वर्ष तक के युवा गायक एवं गायिकाएँ भाग ले सकते हैं। पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क है तथा प्रतिभागी QR Code स्कैन कर ऑनलाइन पंजीकरण के साथ-साथ ऑडिशन स्थल पर सुबह 9:30 बजे से सुबह 11 बजे के मध्य भी ऑफलाइन पंजीकरण भी करा सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन रामकुमार लोहिया ने प्रभावशाली शैली में किया।
बैठक में प्रमुख रूप से संरक्षक राजेन्द्र अग्रवाल ‘रज्जू भैया’, पूर्व अध्यक्ष सुनील खरे, कोषाध्यक्ष दिनेश चौरसिया,राधे गोविन्द गुप्ता सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

