Home Uncategorized विद्युत आपूर्ति की शिकायतों का प्राथमिकता से स्वतः संज्ञान लें विभागीय अधिकारी...

विद्युत आपूर्ति की शिकायतों का प्राथमिकता से स्वतः संज्ञान लें विभागीय अधिकारी : सदर विधायक नगर वासियों के सुविधा हेतु विद्युत उपकेन्द्रों पर अधिकारियों के नाम एवं मोबाइल नम्बर अंकित करायें

77
0

झांसी । आज मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता एवं सदर विधायक रवि शर्मा की उपस्थिति में गर्मी के दृष्टिगत जनपद के नगरीय क्षेत्र में निर्बांध विद्युत आपूर्ति पूर्ण किये जाने हेतु विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आवश्यक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।

समीक्षा बैठक में सदर विधायक रवि शर्मा ने नगर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाये जाने हेतु अपने सुझाव प्रदान करते हुये कहा कि विद्युत आपूर्ति की समस्याओं के पारदर्शी निराकरण हेतु प्रत्येक उपकेन्द्र पर सम्बन्धित अधिकारियों के नाम एवं मोबाइल नम्बर अंकित करायें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को और अधिक सुगम बनाये जाने हेतु विद्युत लाइनों को पृथक कराएं। इसके साथ ही विधायक निधि के अन्तर्गत आवंटित धनराशि के सापेक्ष विद्युत आपूर्ति के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करायें। तेज आंधी के समय बाधित विद्युत आपूर्ति की समस्याओं के निस्तारण हेतु अधिकारी शिकायतों का प्राथमिकता से संज्ञान लें, इसके साथ ही मैनलाइन के आस-पास लगे पेड़ों का समय से अनुरक्षण पूर्ण करें, जिससे नगरवासियों को किसी प्रकार की समस्या न हों। क्षतिग्रस्त एवं मरममत योग्य विद्युत पोलों का अधिकारी स्वतः संज्ञान लेते हुये प्राथमिकता से इन पोलों को नये पोलों से परिवर्तित करें एवं मरम्मत योग्य विद्युत पोलों की मरम्मत करायें। समाचार पत्रों में प्रकाशित विद्युत आपूर्ति की शिकायतों का भी अधिकारी प्राथमिकता से संज्ञान लेते हुये निस्तारण करायें।

बैठक में मंडलायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्युत आपूर्ति की शिकायतों का समय से गुणवत्तापरक निस्तारण पूर्ण करायें, साथ ही कृत कार्यवाही से मा0 जनप्रतिनिधियों को भी समय-समय पर अवगत करायें।

बैठक में मुख्य अभियंता विद्युत के0पी0 खान ने नगरीय क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति हेतु किये जा रहे कार्यों के गुणात्मक प्रगति की जानकारी प्रदान करते हुये कहा कि विभाग द्वारा 16 नग 33 केवी उपकेन्द्रों के जनपद झांसी के नगरीय क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति पूर्ण की जा रही है, जिसके लिए 350 एमवीए क्षमता वाले पावर ट्रांसफाॅर्मर सहित जेल चैराहा उपकेन्द्र पर अतिरिक्त 33 एमवीए ट्रांसफाॅर्मर को 03 मई 2026 को ऊर्जीकृत किया गया है, इसके साथ ही 33 केवी उपकेन्द्र जेल चैराहा एवं मुन्नालाल पावर हाउस को द्वितीय 33 केवी सोर्स उपकेन्द्र कराये जाने हेतु 132 केवी हंसारी डबल सर्किट लाइन का निर्माण प्रगति पर है, जिसका कार्य मई माह के अन्त तक पूर्ण किया जाना लक्षित है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में 132 केवी हंसारी से पोषित 33 केवी गल्ला मण्डी लाइन पर 33 केवी उपकेन्द्र बरुआसागर ग्रामीण उपकेन्द्र भी जुड़ा हुआ है, जिसे अलग करने के पश्चात गल्ला मण्डी की विद्युत आपूर्ति में गुणात्मक वृद्धि हो सकेगी। इसी प्रकार नन्दनपुरा 33 केवी उपकेन्द्र के तहत नन्दनपुरा क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सुचारु करने के लिए 33 केवी उपकेन्द्र अठौंदना का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिसे एक सप्ताह के भीतर ऊर्जीकृत किया जायेगा। 33 केवी उपकेन्द्र मेडीकल पर स्थापित क्षमता 30 एमवीए से 40 एमवीए किया जा रहा है, इस कार्य को मई माह के अन्त तक पूर्ण कर लिया जायेगा, जिसके पश्चात मेडीकल के आस-पास के क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की गुणात्मक क्षमता में वृद्धि हो सकेगी।

मुख्य अभियंता ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में ओवरलोड की समस्या के निराकरण हेतु वित्तीय वर्ष 2024-25 में 30 नग ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता वृद्धि और 17 नग नये ट्रांसफाॅर्मर स्थापित किये गये। इसी प्रकार वित्ततीय वर्ष 2025-26 में 29 नग ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता वृद्धि और 17 नग नये ट्रांसफाॅर्मर स्थापित किये गये तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 में 55 नग ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता वृद्धि और 131 नग नये ट्रांसफाॅर्मर स्थापित किये जायेंगे। झांसी महानगर की विद्युत आपूर्ति वर्तमान में 02 नग पारेषण उपकेन्द्र (133 केवी हंसारी तथा 220 केवी दुनारा) से संचालित होती है, भविष्य की विद्युत आपूर्ति मांग को ध्यान में रखते हुये विभाग द्वारा महानगर में नव प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर में 132 केवी विद्युत पारेषण उपकेन्द्र के स्थापना की स्वीकृत शासन स्तर से प्राप्त हो चुकी है, जिससे सम्बन्धित अग्रिम कार्यवाही प्रगति पर है। 2026-27 में 33 केवी उपकेन्द्र नगरा में स्थापना क्षमता 20 एमवीए से 25 एमवीए किये जाने हेतु स्वीकृति शासन से प्राप्त हो चुकी है, जिस पर कार्य प्रगति पर है।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य अभियंता नगरीय विद्युत के0पी0 खान, अधीक्षण अभियंता नगरीय विद्युत पुष्कर सिंह, अधिशाषी अभियंता (वाणिज्य) रवीन्द्र कुमार, अधिशाषी अभियंता 11 केवी एलटी मनोज कुमार, अधिशाषी अभियंता (पारेषण) अनमोल डोंगरे सहित शहरी उपखण्ड विद्युत के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here