झांसी। समथर थाना क्षेत्र में बच्चों से परेशान एक किसान ने खौफनाक कदम उठाया। पहले उसने चाकू से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या करने का प्रयास किया, उसके बाद किसान ने अपने गले पर चाकू मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। जहां दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक समथर थाना क्षेत्र के बसोवई नहर की पुलिया निवासी अवधेश गोस्वामी ने आज दोपहर अपनी पत्नी के गले पर चाकू से हमला कर गला रेत दिया। जिससे उसकी पत्नी गुड्डी घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। वही अवधेश ने अपने गले पर भी चाकू से हमला कर गला काट लिया। चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग मौके पर दौड़े और घटना की पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल पति पत्नी को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया। जहां उनकी हालत काफी नाजुक बनी है। वही क्षेत्राधिकारी मोठ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अवधेश ने यह खौफनाक कदम अपने बच्चों से प्रताड़ित होकर उठाया है। अभी तक जांच के दौरान ग्रामीणों से जो जानकारी मिली उससे यह बात सामने आई कि अबधेश के बच्चे उसे व उसकी पत्नी को काफी परेशान करते थे, उनकी प्रताड़ना से तंग आकर यह कदम उठाया। वही उन्होंने बताया कि अभी मामले की जांच चल रही है, हर पहलू पर जांच जारी है। महिला की हालत ज्यादा चिंताजनक बताई जा रही है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

