झांसी। ऑन लाइन आईपीएल मैच क्रिकेट सट्टे की बुकिंग कर रहे एक युवक को सीपरी बाजार थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने युवक के कब्जे से 18 हजार दो सौ की नकदी बरामद कर ली। वही एक आरोपी सट्टे की आईडी बनाने का अभी पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा है। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन पर आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा बुकिंग करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सीपरी बाजार में तैनात उपनिरीक्षक चन्दन सरोज अपनी टीम के साथ सटोरियों की तलाश में लगे थे। तभी जरिए मुखबिर सूचना मिली कि एस आई सी मैदान में एक युवक आईपीएल क्रिकेट पर ऑन लाइन सट्टा की बुकिंग कर रहा है। इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को दबोच लिया। युवक कब्जे से बरामद मोबाइल फोन में आईपीएल मैच पर सट्टा की बुकिंग करने के प्रमाण मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम जिला जालौन के उरई व हाल आईटीआई सीपरी बाजार निवासी सुनील बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन सहित 18 हजार दो सौ की नकदी बरामद कर ली। वही पुलिस ने युवक को सट्टे की आईडी बनाने वाले उरई निवासी सन्नी को भी आरोपी बनाकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

