Home Uncategorized सांसद अनुराग शर्मा ने किया मऊरानीपुर केंद्रीय विद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र...

सांसद अनुराग शर्मा ने किया मऊरानीपुर केंद्रीय विद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र का भव्य शुभारंभ : क्षेत्र में शिक्षा की नई क्रांति का हुआ उदय

140
0

 

झांसी। झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद अनुराग शर्मा के अथक और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप मऊरानीपुर को मिली केंद्रीय विद्यालय की अभूतपूर्व सौगात ने आज धरातल पर आकार ले लिया। सांसद अनुराग शर्मा ने आज मऊरानीपुर स्थित अग्रसेन महाविद्यालय में आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान पूजा-पाठ और विधि-विधान के साथ केंद्रीय विद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र का विधिवत शुभारंभ किया। वर्तमान में विद्यालय का संचालन अस्थाई रूप से अग्रसेन महाविद्यालय के परिसर में सुचारू रूप से प्रारंभ किया गया है, ताकि क्षेत्र के बच्चों की पढ़ाई में विलंब न हो। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए क्षेत्रीय विधायक श्रीमती रश्मि आर्या, झांसी जिला पंचायत के अध्यक्ष पवन गौतम सहित भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, भारी संख्या में अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य जन उपस्थित रहे।

 

सत्र का शुभारंभ करते हुए सांसद अनुराग शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि उनके और उनके परिवार का हमेशा से यह संकल्प रहा है कि बुंदेलखंड का कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि मऊरानीपुर के परिवारजनों से जो वादा उन्होंने किया था, आज उसे पूरा करते हुए उन्हें अत्यंत आत्मिक प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने इस विशेष उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र में एक ऐसा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण तैयार होगा, जो विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। सांसद ने विश्वास जताया कि शिक्षा की यह नई ज्योति मऊरानीपुर के विद्यार्थियों के बीच एक नई क्रांति लेकर आएगी और आने वाले समय में विकास की यह गंगा निरंतर इसी प्रकार बहती रहेगी।

 

इस अवसर पर वहां उपस्थित अभिभावकों, छात्र-छात्राओं और क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने सांसद अनुराग शर्मा के इस समर्पण और संकल्पबद्धता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। सभी ने एक स्वर में कहा कि मऊरानीपुर को एक ऐसा विजनरी नेतृत्व मिला है जो न केवल वर्तमान की समस्याओं का समाधान कर रहा है, बल्कि भावी पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित और उज्जवल बनाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम के अंत में सांसद ने सभी अभिभावकों को नवीन सत्र की बधाई देते हुए बच्चों के स्वर्णिम भविष्य की कामना की और विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनके प्रयास इसी प्रकार जारी रहेंगे।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here