
झांसी। रविवार को झांसी के व्हाइट टाइगर वार मेमोरियल से लगा हुआ हाथी ग्राउंड, झांसी कैंट में एक भव्य Ex-Servicemen (ESM) रैली का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह आयोजन GOC, 31 आर्म्ड डिवीजन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, जिसमें बुंदेलखंड क्षेत्र के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक (ESM) अपने परिवारजनों एवं वीर नारियों सहित सम्मिलित हुए।
रैली में पूर्व सैनिकों के कल्याण हेतु विभिन्न सुविधाएं एवं हेल्पडेस्क स्थापित किए गए, जिनमें SPARSH एवं Project Naman हेल्पडेस्क, Directorate General Resettlement (DGR), जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, मेडिकल कैम्प एवं ECHS सुविधाएं, बैंक एवं इंश्योरेंस काउंटर, CSD सुविधाएं तथा सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन प्रमुख रहे।
कार्यक्रम के दौरान GOC द्वारा दिव्यांग पूर्व सैनिकों के लिए तीन इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर एवं दो इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर भेंट स्वरूप प्रदान किए गए। साथ ही सभी वीर नारियों को सम्मान स्वरूप उपहार/चेक प्रदान कर उनका अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में GOC ने पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के लिए उपलब्ध विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत समस्या, पेंशन , स्पर्श से संबंधित व्यक्तिगत डाटा मिसमैच आदि के निराकरण हेतु अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी साझा किया। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं एवं त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
GOC ने रैली स्थल पर लगाए गए सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा संबंधित प्रतिनिधियों से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कार्यक्रम के समापन पर Officer-in-Charge (OIC) मेला ने अपने संबोधन में उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके परिवारजनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता में उनके योगदान की सराहना की।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, झांसी इकाई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इस आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई तथा विभिन्न जिलों से आए हुऐ पूर्व सैनिकों एवं सभी अतिथियों का स्वागत, जलपान, लंच एवं समन्वय सुनिश्चित किया।
यह रैली पूर्व सैनिकों के कल्याण, उनकी समस्याओं के समाधान एवं आपसी समन्वय को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

