
झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के भांडेरी गेट मोहल्ले में महिला की हत्या को लेकर मोहल्ले में तनाव व दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए मोहल्ले में पुलिस बल तैनात कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। देररात पूछताछ जारी थी। वहीं, कुछ लोग अपने मकानों में ताला लगाकर रिश्तेदारी में चले गए। वहीं इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजते हुए उनके कब्जे से दो तमंचा, चार जिंदा ओर खोखा कारतूस सहित दो तलवार भी बरामद कर लिए है।
कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहल्ला भाण्डेरी गेट में देवी सिंह स्कूल के पास दो पक्ष आपस में एक दूसरे को मरने मारने पर आमादा होकर पथराव व फायरिंग कर रहे है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर देवी सिंह स्कूल के पास पहुंचा तो देखा कि लोग अपने अपने घरों का दरवाजा बंद कर दुपके हुए थे। जनता के लोग भयभीत होकर अपनी अपनी दुकानें बंद कर रहे थे। घटना इतनी वीभत्स थी कि लोगों से बातचीत करने का प्रयास किया गया तो लोग डरे व सहमें हुए थे। काफी संख्या में जूते चप्पल मौके पर पड़े हुए है।
इस तरह अभियुक्तों के द्वारा कानून व्यवस्था को भंग करके आपस में एक दूसरे को नुकसान पहुंचाने की गरज से उतावलेपन से मारने मरने का प्रयास कर रहे थे। जो पुलिस वालों को देखकर भाग गए थे। आने जाने वाले लोग रास्ता छोडकर अपने जूते चप्पल तक छोडते हुए पीछे मुडकर बेतहाशा भागते हुए दिखायी दिए। दहशत का माहौल है आवागमन बन्द हो गया था। मौके पर पहुंची पुलिस को मालूम हुआ कि प्रथम पक्ष के नीतेश वाल्मिकी, जितेन्द्र, जितेन्द्र के लड़के आयुष, पीयूष व कृष्णा और उनके रिश्तेदार सोनू, शैलेन्द तथा दूसरे पक्ष के रोहित, अभिषेक, अमित वाल्मिकी, अनिल वाल्मिकी अपने अपने हाथों में तमंचा, तलवार एवं ईटा पत्थर लेकर एक दूसरे पक्ष पर हिंसक होते हुए जान से मारने की नीयत से हमलावर होकर गाली गलौज करते हुए ताबडतोड फायरिंग कर कानून व्यवस्था को ध्वस्त कर रहे थे, जिससे वहां की जनता दहशत में आ गई। विवाद के दौरान पडोसी महिला कुसुम द्वारा जितेन्द्र, रोहित आदि को समझाने का प्रयास किया तो क्रोधित होते हुए जितेन्द्र व नीतेश अपने परिवार के साथ कुसुम पर हमलावर हो गया और जान से मारने की नियत से उसके ऊपर फायर कर दिया जिससे कुसुम और उसके लड़के को गोली लगी है जिसको गम्भीर अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया था। यहां कुसुम की मौत हो गई थी। पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ धारा 109 (1) /190/191(2)/191(3)352/351(3) बीएनएस व 7 सीएलए एक्ट के मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इस संबंध में एसपी सिटी प्रीति सिंह का कहना है कि घटना में नामजद किए गए आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। माहौल को देखते हुए मोहल्ले में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
हत्या का मुकदमा दर्ज
भांडेरी गेट मोहल्ले में रहने वाले राहुल ने तहरीर देते हुए बताया है कि वह घर के अन्दर मौजूद था, तभी गाली गलौज व शोर-गुल की बहुत तेज आवाज सुनाई दी तो वह व उसकी माता कुसुम खिडकी से देखने लगे तो कुछ दिखाई नहीं दिया तब वह व उसकी माँ कुसुम ने दरवाजा खोलकर जैसे ही बाहर देखा तो दिखाई दिया कि उसके मकान के सामने रहने वाले नीतेश व उसके भाई भतीजे और रिश्तेदार अपने अपने हाथों में तमचा, तलवार व ईटा पत्थर लेकर पडोस में ही रहने वाले अमित के घर आये रिश्तेदार रोहित व अविनाश से एक दूसरे को मरने-मारने के लिये आक्रोशित होकर एक दूसरे पक्ष को गाली गलौज करते हुए पथराव कर रहे थे। यह लोग मरने मारने पर आमादा थे। बाहर निकल कर उसने व उसकी माँ ने नितीश व रोहित दोनो पक्षों को समझाने का प्रयास किया तो इसी बात से रुष्ठ होकर उनमें से नीतेश , जीतेन्द्र, उनकी बुआ का लडका सोनू व उनका चचेरा भाई शैलेन्द्र निवासी भाण्डेरी गेट, देवी सिंह स्कूल के पास चारों लोगों ने एकराय होकर उसे ललकारते हुए और गाली देते हुए कहा कि इन्हे भी मारों सालो को और अपने हाथ में लिये तमंचें व तलवार सहित हम लोगो की तरफ गाली देते हुए दौडे और तमंचों से जान से मारने की नियत से फायर किये जिससे एक फायर उसकी माँ कुसुम को लगा और वह वहीं घायल होकर गिर गयी और एक फायर उसे लगा जिससे वह घायल हो गया। तभी कुछ पडोसी व रिश्तेदार आ गये जो उसे व उसकी माँ को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लेकर आए। यहाँ उसकी माँ को डॉक्टरों द्वारा मृत बताया गया । पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। इधर थाना शहर कोतवाली पुलिस ने नितेश वाल्मीक, जितेंद्र उर्फ जीतू वाल्मीक, शैलेन्द्र उर्फ छोटू राजा, सोनू उर्फ भगत जी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

