
झांसी। सदर बाजार थाना क्षेत्र के भगवंत पुरा में दिन दहाड़े अज्ञात चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। चोरों ने घर की अलमारियों से कीमती सामान निकाल कर छत के रास्ते पर तलाशी के बाद जेवरात लेकर खाली बॉक्स सीढ़ियों पर छोड़ कर भाग गए। घटना की सूचना देर शाम मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सदर बाजार थाना अंतर्गत भगवंत पुरा टीचर्स कॉलोनी निवासी पवन कुमार एक स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। प्रतिदिन की तरह वह अपने घर पर ताला लगाकर मंगलवार की सुबह स्कूल गए थे। देर शाम करीब छह बजे घर पहुंचे तो देखा मैंन दरवाजा सहित सभी कमरों के ताले टूटे पड़े थे और कमरों में रखी अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों में रखे सोने चांदी के बॉक्स जेवरात सहित गायब थे तथा लॉकर्स में रखे नकद 18 हजार की नकदी गायब थी। छत पर जाकर देखा तो खाली बॉक्स सीढ़ियों पर पड़े थे और उसमें रखे जेवरात गायब थे। आशंका जाहिर की जा रही अज्ञात चोर जेवरात नकदी चोरी कर छत के रास्ते से भाग गए। उन्होंने घटना की सूचना डायल 112 को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

