
झांसी। उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद द्वारा प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण कार्यक्रम के विरोध में लामबंध, कोछाभांवर तथा टांकोरी-पिछोर मुस्तरा मौजा के किसान आज पुनः गांधी उद्यान में धरना प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने ज्ञापन देते हुए बताया कि किसानों की स्पष्ट मांग है कि जब तक उनकी भूमि को अधिग्रहण योजना से मुक्त नहीं किया जाता एवं उक्त योजना को निरस्त नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इसी क्रम में आज नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा तथा सीओ सिटी गौतम के साथ एक बैठक आयोजित हुई। विस्तृत वार्ता के उपरांत यह निष्कर्ष निकला कि सरकार किसानों के साथ है तथा जो भी निर्णय होगा, वह किसानों की सहमति एवं जनहित को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
उक्त आश्वासन को दृष्टिगत रखते हुए कल प्रस्तावित क्रमिक अनशन को फिलहाल स्थगित किया गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए बताया कि यदि किसानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी सप्ताह में पुनः धरना-प्रदर्शन प्रारंभ किया जाएगा।
बैठक में डॉ. बी. के. गुप्ता, देवेश, मनवेंद्र सिंह, कोमल सिंह यादव, अरविंद, समीम भाई सहित अन्य किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

