
झांसी। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में अपराध की रोकथाम ओर अपराधियों की धरपकड़ में लगी मऊरानीपुर थाना पुलिस की शातिर अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने तीन शातिरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एक लाख से अधिक की नकदी सहित सोने चांदी के जेवरात ओर तमंचा कारतूस बरामद कर लिए है।
जानकारी के मुताबिक 21 जनवरी को शातिर बदमाशों ने रानीपुर के देवरी मोहल्ला में लालता प्रसाद के सूने मकान का ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात नकदी चोरी कर ली थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी। इस घटना को गंभीरता से लेकर एसएसपी ने मऊरानीपुर थाना पुलिस को खुलासा करने के निर्देश दिए थे। एसएसपी के निर्देशन में देर रात मऊरानीपुर थाना पुलिस काल भैरव मंदिर के पास जंगलों में कांबिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन संदिग्ध पुलिस को देख भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्यवाही करते हुए फायरिंग कर तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए तीनों ने अपने नाम लुहार गांव निवासी अरुण कुमार, ऋतिक ढीमर, विवेक कुमार बताया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लाख 26 हजार रुपए, सोने चांदी के जेवरात, तमंचा कारतूस बरामद कर लिए। पूछताछ में तीनों शातिरों ने 21 जनवरी को लालता प्रसाद के घर हुई चोरी की घटना का जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि यह बरामद नकदी और जेवरात उन्हीं के घर से चोरी किए थे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

