झांसी। झांसी कानपुर राजमार्ग पर दोपहर तेज रफ्तार से आ रहे 18 चक्का ट्रक के अनियंत्रित होने पर वह पास में बनी नहर में पलट गया। इसकी चपेट में आने से पास में खड़ा पानी की टिकिया का ठेला भी नहर में पानी में बह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दो लोगों को नहर के पानी के तेज बहाव से बाहर निकाला जिसमें एक की मौत हो गई दूसरे की हालत गंभीर बनी है। जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। आशंका जाहिर की जा रही है कि पानी की टिकिया के पास खड़े कुछ लोग भी उसकी चपेट में आने से पानी में बह गए इस आशंका पर पुलिस एनडीआरएफ की टीम के साथ नहर के पानी में अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
वहीं घटना की सूचना पर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति भी पहुंचे। एसएसपी के निर्देशन में पुलिस ओर गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ तीन राहत कार्य में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक कानपुर से झांसी की ओर जा रहे 18 चक्का ट्रक जैसे ही चिरगांव थाना क्षेत्र के परीक्षा नहर के पास पहुंचा तभी ट्रक चालक संतुलन बिगड़ गया। जिससे ट्रक असंतुलित होकर डिवाइड से टकराकर परीक्षा नहर में जा घुसा। ट्रक के साथ पास में खड़े पानी की टिकिया का ठेला भी पलट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक ओर क्लीनर को पानी से बाहर निकाल लिया। वहीं बताया जा रहा था कि पानी की टिकिया के पास कुछ लोग खड़े थे वह भी उसकी चपेट में आकर पानी में बह गए। इस आशंका पर पुलिस एनडीआरएफ टीम ओर गोताखोरों के साथ अन्य लोगों की पानी में तलाश कर रही है। वहीं एसएसपी ने बताया कि अभी तक बचाव कार्य के दौरान दो लोगों को नहर से निकाला गया। जिसमें एक की मृत्यु हो गई दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

